देश दुनिया वॉच

चार हजार गैस पीड़ित कल्याणी को मिली पेंशन, 525 को अभी भी इंतजार

Share this

भोपाल। गैस त्रासदी में दिवंगत हुए लोगों की कल्याणी को एक हजार रुपये प्रति माह पेंशन देने की शुरुआत फिर से हो गई है। गुरुवार को गैस राहत संचालनालय में आयोजित एक कार्यक्रम में भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री विश्वास सारंग ने इन महिलाओं के खाते में राशि ट्रांसफर की। गौरतलब है कि 2019 में यह पेंशन बंद कर दी गई थी। अब इस साल अप्रैल से लेकर अगस्‍त तक पांच महीने की पेंशन उन्हें दी गई है। हालांकि, 525 और कल्याणी पेंशन की हकदार हैं। उन्होंने इसके लिए आवेदन भी किया है, लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं हो पाया है। गैस पीड़ित संगठनों ने मांग की है कि 2019 से लेकर मार्च 2021 तक का एरियर भुगतान भी किया जाए। इस दौरान मंत्री सांरग ने कहा कि विधवा कालोनी का नाम जीवन ज्योति कालोनी कर दिया गया है। गैस राहत अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान व अन्य अधिकारी मौजूद थे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते साल 3 दिसंबर को गैस त्रासदी की बरसी पर गैस पीड़ित विधवा पेंशन योजना को पुन: शुरू करने की घोषणा की थी। अभी भी उन 525 महिलाओं के आवेदन लंबित हैं, जिनके पति का निधन बाद में हुआ है। सरकार ने पांच हजार कल्याणी को ही पेंशन की सीमा बांध रखी है। इन 525 महिलाओं की जरूरत भी उसी तरह की है। ऐसे में जरूरी है कि उन्हें भी पेंशन मिले। इसके अलावा 2019 से 2021 के बीच महिलाओं को पेंशन नहीं दी गई है। उसका एरियर दिया जाना चाहिए। इन महिलाओं के पास जीविका चलाने के लिए दूसरे उपाय नहीं हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *