
बीजापुर ब्यूरो (समैया पागे ) | 8 अगस्त 2021- छत्तीसगढ़ राज्य में खेती-किसानी से जुड़े हरेली लोक पर्व को आज बीजापुर जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान सुराजी गांव योजनान्तर्गत निर्मित गौठानों में गौधन तथा हल एवं अन्य कृषि यंत्रों की पूजा अर्चना कर की गयी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की पारम्परिक रस्सा-कस्सी, नारियल फेंक, गेड़ी दौड़ आदि स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पुसनार गौठान में विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण विक्रम मंडावी, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के सदस्य अजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने गौधन की पूजा करने के साथ ही हल एवं अन्य कृषि उपकरणों की पूजा अर्चना कर ग्रामीणों को हरेली तिहार की बधाई दी। वहीं गौठान परिसर में नारियल का पौधरोपण किया। इस मौके पर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसान पुत्र होने के नाते किसानों तथा आम लोगों के हितों के प्रति सजगता के साथ उनकी बेहतरी के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहारों को परंपरागत रूप से मनाने के साथ ही इसमें सभी सहभागिता के लिए शासकीय अवकाश घोषित किया गया है। विश्व आदिवासी दिवस भी इस वर्ग के लोगों के सतत विकास को दृष्टिगत रखते हुए मनाया जाता है। मंडावी ने ग्रामीणों को आने वाले तीज-त्यौहारों की बधाई देते हुए उन्हें खेती-किसानी कार्य को बेहतर ढंग से करने की समझाईश दी। इस मौके पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के सदस्य अजय सिंह ने हरेली तिहार की बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सकारात्मक सोच को रेखांकित करता है जो छत्तीसगढ़िया भावनाओं के अनुरूप स्थानीय तीज-त्यौहारों को मनायें। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए इन योजनाओं से लाभान्वित होने का आग्रह ग्रामीणों से किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत रवि साहू ने गौठान को आजीविका केंद्र के रूप में विकसित करने पर बल दिया और गोबर विक्रय, वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन, कुक्कुटपालन,साग-सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन,मछलीपालन इत्यादि आयमूलक गतिविधियों से जुड़ने हेतु ग्रामीणों तथा महिला समूहों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान विधायक मंडावी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने डीएमएफ मद के तहत 5 किसानों को धान-गेंहू एवं चारा कटाई के लिए ब्रश कटर,5 किसानों को पॉवर स्प्रेयर और 5 गौठानों के महिला स्व सहायता समूहों को मिनी राईस मिल प्रदान किया। वहीं कर्रेमरका तथा पुसनार की महिमा समूहों के द्वारा निर्मित राखियां एवं बिस्किट का अवलोकन कर क्रय किया। इस दौरान कमलबती राणा, पार्वती, मुन्ना राम आदि ग्रामीणों ने गोबर विक्रय किया। इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष भैरमगढ़ दशरथ कुंजाम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सहदेव नेगी तथा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों सहित एसडीएम एआर राणा, तहसीलदार जुगल किशोर पटेल और कृषि, उद्यान, मत्स्यपालन इत्यादि विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा मैदानी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
