प्रांतीय वॉच

विधायक बृहस्पत सिंह भी मुख्यमंत्री वृक्षारोपण कार्यक्रम में वर्चुअली हुए शामिल

Share this
  • मुख्यमंत्री से बात कर योजना को बताया बहुआयामी, आय के साथ पर्यावरण को होगा लाभ
आफताब आलम/बलरामपुर : संयुक्त जिला कार्यालय भवन के स्वान कक्ष में सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं रामानुजगंज विधायक श्री बृहस्पत सिंह, कलेक्टर श्री श्याम धावड़े, पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती तुलिका प्रजापति वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री बृहस्पत सिंह ने मुख्यमंत्री से बात कर योजना को बहुआयामी बताते हुए कहा कि कृषकों के आय बढ़ने के साथ-साथ योजना से पर्यावरण को भी बहुत लाभ होगा। इमारती लकड़ियों की पूर्ति हो पायेगी और फलदार पौधों से सुपोषण अभियान में भी मदद मिलेगी। वृक्षारोपण के साथ-साथ कृषक हल्दी, अदरक की खेती भी कर सकते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। साथ ही विधायक श्री सिंह ने कहा कि खेतों के बीच मेढ़ों में भी पेड़ लगाये जा सकते हैं जो वनीय सघनता को बढ़ाने में मदद करेगी। उन्होंन मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि जिले में 23 लाख 76 हजार पौधे तैयार हो चुके हैं, जिन्हें वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत लगाया जायेगा। साथ ही विभिन्न विभागों के 33 नर्सरियों में 13 लाख 73 हजार पौधे तैयार किये जा रहे हैं, जिन्हें भी योजना के तहत आने वाले समय में लगाया जायेगा।

मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिन किसानों ने खरीफ वर्ष 2020 में धान की फसल ली है, यदि वे धान फसल के बदले अपने खेतों में वृक्षारोपण करते हैं, तो उन्हें आगामी 3 वर्षों तक प्रतिवर्ष 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी तरह ग्राम पंचायतों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यिक वृक्षारोपण किया जाएगा, तो एक वर्ष बाद सफल वृक्षारोपण की दशा में संबंधित ग्राम पंचायतों को शासन की ओर से 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे भविष्य में पंचायतों की आय में वृद्धि हो सकेगी। इसके अलावा संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यिक आधार पर राजस्व भूमि पर वृक्षारोपण किया जाता है, तो पंचायत की तरह ही संबंधित समिति को एक वर्ष बाद 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वृक्षों को काटने व विक्रय का अधिकार संबंधित समिति का होगा।
कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री राजेश तिवारी, अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, वन विभाग के प्रमुख सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री राकेश चतुर्वेदी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *