- चिन्तामणि महाराज ने पौधा रोपित कर की योजना की शुरूआत, मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
आफताब आलम/बलरामपुर : मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम से किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने वर्चुअल कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न वनमंडलों के वन प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा किसानों से वर्चुअल संवाद किया। वर्चुअल संवाद में बस्तर, बिलासपुर, बलरामपुर, कांकेर, महासमुंद तथा कवर्धा वनमंडल के अंतर्गत जनप्रतिनिधि तथा वन प्रबंधन समिति के सदस्य और कृषक शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस दौरान ’’बटरफ्लाई ट्रेजर ऑफ छत्तीसगढ़’’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना का जिला स्तरीय कार्यक्रम विकासखण्ड राजपुर के भिलाई खुर्द में आयोजित किया गया। जहां संसदीय सचिव एवं सामरी विधायक श्री चिन्तामणि महाराज ने वृक्षारोपण कर योजना की विधिवत शुरूआत की और वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से बात कर योजना के शुभारंभ के लिए उनको धन्यवाद दिया। संसदीय सचिव श्री चिन्तामणि महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण योजना का क्षेत्र के किसानों को व्यापक लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा। पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी मुख्यमंत्री वृक्षारोपरण योजना महत्वपूर्ण हैं जो गैर वनीय क्षेत्रों में वनों की सघनता बढ़ाएगी और निजी भूमि पर वृक्षारोपण कर कृषक उसका विक्रय कर पायेंगे। जिससे उन्हें प्रोत्साहन योजना के तहत 10 हजार रूपये प्रति एकड़ की दर से राशि प्राप्त होगी। संसदीय सचिव श्री चिन्तामणि महाराज ने मुख्यमंत्री से वनाधिकार पट्टाधारकों प्रोत्साहन योजना का लाभ मिलेगा या नहीं इस बारे में जानकारी ली। इस दौरान वहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से बात कर योजना को कृषक हितैषी बताते हुए इसे क्रियान्वयन के लिए आभार व्यक्त किया।

