प्रकाश नाग/केशकाल : केशकाल विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम खुटपदर में लॉकडाउन व कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा चालानी कार्रवाई की गई है। बुधवार की दोपहर ग्राम खुटपदर में चल रहे एक विवाह समारोह के पूर्व 30 से 40 लोगों की भीड़ एकत्रित थी। विवाह समारोह में लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर दोषी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करते हुए केशकाल के नायब तहसीलदार दयाराम साहू व क्षमा यदु ने 3000 रुपए की चालानी कार्यवाही की है।
जिला प्रशासन के आदेशों की लगातार हो रही है अवहेलना
आपको बता दें कि जिले में इन दिनों तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा लॉक डाउन की अवधि 16 मई तक बढ़ा दी गयी है। साथ ही जिले में अनुमति प्राप्त शादी कार्यक्रमों में वर पक्ष से 5 व वधु पक्ष से 5 मिलाकर केवल 10 लोगों को ही विवाह समारोह में शामिल होने की अनुमति दी गयी है। लेकिन जिले में अभी भी कई जगहों पर शासन के नियमो का खुलेआम उलंघन करते हुए शादी कार्यक्रमों में भीड़ जमा हो रही है जिसके चलते प्रशासन द्वारा लगातार चालानी कार्यवाही भी की जा रही है। इसी क्रम में आज ग्राम खुटपदर में भी निर्धारित संख्या से अधिक भीड़ जमा होने की सूचना मिलने पर प्रशासन व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर अंतिम चेतावनी देते हुए चालानी कार्यवाही की है।
ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले वैवाहिक कार्यक्रमों में किया जा रहा है कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन
इस विषय पर केशकाल के नायब तहसीलदार दयाराम साहू ने बताया की खुटपदर के एक घर में आज शाम को विवाह होना है, शादी घर में निर्धारित संख्या से अधिक मेहमानों व बारातियों के जमा होने की सूचना मिलने पर उस घर में दबिश दी गई। वहां मेहमानों की संख्या लगभग 30 से 40 थी और लगभग लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया था। अतः उक्त परिवार के मुखिया द्वारा लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर 3000 रुपए की चालानी कार्यवाही की गई है साथ ही कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने की समझाइश भी दी गयी है।
राजस्व विभाग द्वारा 60 शादियों का निरीक्षण कर वसूला जा चुका है 78,000 रुपए का चालान
नायब तहसीलदार क्षमा यदु से मिली जानकारी के अनुसार केशकाल राजस्व विभाग द्वारा विगत 24 अप्रैल से आज दिनांक तक कुल 60 वैवाहिक कार्यक्रमों का निरीक्षण किया गया है तथा कोरोना गाइडलाइंस का उलंघन करते पाए जाने पर लगभग 78, 000 रुपए की चालानी कार्यवाही भी की जा चुकी है। इसी के साथ प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही चालानी कार्यवाही से बनाये गए दबाव के चलते लोगों द्वारा जागरूकता का परिचय देते हुए 42 शादियां निरस्त भी की गई हैं।

