BREAKING CG NEWS

BLACKMAILING CASE: करोड़ों की ठगी का खुलेगा राज! दीपक-बरखा से आमने-सामने होगी पूछताछ

Share this

BLACKMAILING CASE: The secret of a multi-crore scam will be revealed! Deepak-Barkha will be interrogated face-to-face

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बंटी और बबली शातिर ठग दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के करोड़ों रुपयों के ठगी का जल्द पर्दाफाश होगा। रायपुर पुलिस दीपक टंडन को रिमांड में लेकर लगातार पूछताछ में जुटी हुई है। आरोपी बरखा टंडन को भी कस्टडी में लेकर पूछताछ करने की तैयारी है] जिसके लिए पुलिस ने कोर्ट में आवेदन लगाया है।

जानकारी के मुताबिक महाठग दीपक टंडन से पूछताछ के लिए 2 DCP, ADCP, ACP और TI स्तर के अधिकारी जुटे हुए हैं। पत्नी बरखा को भी आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस अब इस मामले को केवल ठगी की वारदात तक सीमित रखकर नहीं, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क और करोड़ों रुपये के लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ठगी से हासिल की गई करोड़ों रुपये की रकम कहां खपाई गई? किन-किन लोगों के खातों तक यह पैसा पहुंचा और इस पूरे खेल में दीपक टंडन के अलावा और कौन-कौन शामिल थे?

रायपुर पुलिस की टीम दीपक टंडन के घर, होटल और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश देकर साक्ष्य जुटा रही है। वहीं, मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीडी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर उनकी जांच की जा रही है। सूत्रो के मुताबिक कुछ मोबाइल फ़ोन को तकनीकी जाँच के लिए फोरेंसिक लैब भी भेजा गया है। पुलिस को उम्मीद है कि इन डिजिटल उपकरणों से ठगी के नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और संदिग्ध संपर्कों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

10 FIR, ब्लैकमेलिंग और ठगी के आरोप… अब तीन दिन दीपक टंडन से पूछताछ करेगी रायपुर पुलिस

पत्नी बरखा से भी होगी पूछताछ, आमने-सामने बैठाने पर खुलेंगे राज?

करोड़ो रुपयों की ठगी के पूरे खेल में शातिर दीपक टंडन की सबसे महबूत साथी उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी कस्टडी में लेने की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक बरखा टंडन की रिमांड का आवेदन पुलिस ने कोर्ट में लगा दिया है। पुलिस की तैयारी दोनों को आमने-सामने बैठाकर सवाल-जवाब करने की है। इसके साथ ही दीपक के अन्य सहयोगियों को बेनकाब करने की तैयारी है। आख़िर दीपक टंडन का सिंडिकेट किन किन लोगों को अपना निशाना बनाया हुआ था। इनके निशाने पर कितने अफसर और अन्य लोग शामिल थे। पुलिस अफसरों की गोपनीय जानकारी दीपक तक कैसे पहुंचती थी। इन तमाम पहलुओं की जांच में अफसर जुटे हुए हैं।

ठगी की रकम कहां-कहां गई, किसके खातों में हुआ करोड़ों का लेनदेन?

पुलिस अपनी पूछताछ में ठग से पूछ रही है कि ठगी की रकम का करोड़ों रुपये किन बैंक खातों में पहुंची? क्या रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर ठिकाने लगाया गया? क्या फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खुलवाए गए थे? क्या ठगी की रकम से जमीन, मकान, होटल या दूसरी संपत्तियां खरीदी गईं? पुलिस संभावित बेनामी संपत्तियों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की कड़ियां खंगालने में जुटी है।

जांच में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि ठगी की रकम सीधे दीपक टंडन के खातों में आई या इसके लिए दूसरे लोगों और संस्थाओं के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। यदि रकम को कई स्तरों पर ट्रांसफर किया गया है तो उन सभी खाताधारकों की भूमिका की जांच भी पुलिस के लिए अहम होगी।

सहयोगियों के नाम सामने आने का दावा, अब नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस?

उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान महाठग दीपक टंडन ने ठगी के पूरे नेटवर्क में शामिल कुछ सहयोगियों के नामों का खुलासा किया है। अब पुलिस इन नामों की सत्यता, संबंधित लोगों की भूमिका और उनके बीच हुए वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। दीपक के संपर्क में रहने वाले तमाम लोगों को भी पुलिस अपने जांच के दायरे में ले सकती है।

डिजिटल सबूतों से खुलेगा ठगी के खेल का पूरा कच्चा चिट्ठा?

पुलिस ने दीपक और बरखा टंडन से जुड़े मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीडी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं। इनकी जांच के जरिए कॉल डिटेल, चैट, संपर्कों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य उपलब्ध डेटा की पड़ताल की जाएगी। पुलिस यह भी जानने की कोशिश करेगी कि कथित ठगी के शिकार लोगों से संपर्क करने के लिए किन माध्यमों का इस्तेमाल किया गया और रकम के लेनदेन को लेकर किन लोगों के बीच बातचीत हुई थी। डिजिटल उपकरणों से मिलने वाले साक्ष्य इस पूरे मामले की जांच में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बरखा और दीपक के मोबाइल से संदिग्ध चैट, वित्तीय दस्तावेज या लेनदेन से जुड़े ठोस जानकारी मिली है।

लोगों को इस तरह अपने जाल में फंसाता था ठग

दीपक टंडन ठगी की वारदाते सुनियोजित तरीके से करता था। अब तक सामने आए मामलों में एक तरीका समान दिखाई देता है। वह पहले खुद को प्रभावशाली नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के करीब बताता था। इसके बाद सरकारी विभागों में काम कराने, कोयला खदानों में ठेका दिलाने, जमीन और होटल के कारोबार में फायदा दिलाने जैसे प्रस्ताव देकर लोगों का विश्वास जीतता था। लोगों को भरोसे में लेने के बाद वह लाखों रुपये लेता था। जब काम नहीं होता और लोग पैसे वापस मांगते थे तो उन्हें टालने या धमकाने के आरोप भी सामने आए हैं।

पुलिस अधिकारियों से भी पैसे लेने का आरोप

इस मामले में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। आरोप है कि अच्छी पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर दीपक टंडन ने चार एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और टीआई समेत कई पुलिस अधिकारियों से रकम ली थी। बताया जा रहा है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कुछ अधिकारियों ने मनचाही पोस्टिंग पाने के लिए दीपक को पैसे दिए थे। हालांकि, उनका काम नहीं हुआ। इसके बाद जब अधिकारियों ने रकम वापस मांगी तो दीपक टालमटोल करता रहा।

दावा किया जा रहा है कि एक एएसपी ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अन्य अधिकारियों की रकम फंस गई। यह भी आरोप है कि बाद में रकम की वसूली के लिए कुछ अधिकारी उसका होटल चलाने लगे थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों से पैसे लेने और होटल संचालन से जुड़े इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में पूछताछ और जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच से ठगी के नेटवर्क, रकम के लेनदेन और इसमें शामिल अन्य लोगों को लेकर अहम जानकारी सामने आ सकती है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *