रायपुर वॉच

राजधानी में छोटा ”डॉन” गिरफ्तार!: एक हाथ में चाकू दूसरे में पिस्टल लेकर घूम रहा था बदमाश, पुलिस ने दबोचा

Share this
  • लोगों से कहा- मेरे सामने कोई नहीं टिक सकता और हो गया गिरफ्तार

रायपुर : रायपुर शहर के डीडी नगर इलाके में एक बदमाश को पुलिस ने पकड़ा है। 26 साल का ये युवक इलाके में लोगों को डराने उनपर धौंस जमाने के इरादे से घूम रहा था। रात के वक्त कुछ लोगों को इसने चाकू और पिस्टल दिखाकर डराया भी। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को इसकी खबर लगी तो दो कॉन्स्टेबल पहुंचे और इसे पकड़ लिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार हुआ युवक इस इलाके में पहले भी छोटी-मोटी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

युवक के पास से पुलिस को एक चाकू मिला है। जिस बंदूक से वो लोगों को डरा रहा था वो एक एयर पिस्टल है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि डीडी नगर के बंजारी नगर में शीतला मंदिर के पास एक नीली शर्ट और जीन्स पहने युवक हथियार से लोगों को डरा रहा है। पुलिस ने जब इसे घेर कर पूछताछ की तो आरोपी ने अपना नाम गोलु उर्फ जितेन्द्र वर्मा बताया। फौरन टीम इसे अपने साथ थाने लेकर आई। अब इससे पूछताछ के बाद आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया गया है। आरोपी लोगों को धमका रहा था कि उसके सामने कोई टिक नहीं सकता, स्थानीय लोगों से उसका विवाद बढ़ता तब तक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

देशी कट्टों के साथ कम उम्र के युवक गिरफ्तार
इस सप्ताह में रायपुर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस की कार्रवाई में बेहद कम उम्र के युवक देशी कट्‌टे जैसे अवैध हथियार के साथ पकड़े गए हैं। हाल ही में खमतराई थाने की पुलिस ने कट्टे के साथ 19 साल के युवक अंकित पांडे उर्फ दीपक उर्फ दीपू को पकड़ा था। 4 अक्टूबर को सरस्वती नगर थाना इलाके में 19 साल के ही कमलेश नाम के एक युवक को पकड़ा गया था। कमलेश साहू नाम के युवक की जेब से कट्टा और गोलियां भी मिली थी। इस बार गिरफ्तार युवक की उम्र भी महज 19 साल है। रायपुर की पुलिस की साइबर सेल की टीम इन कट्टों के कनेक्शन को तलाशने की कोशिश कर रही है। साइबर सेल सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश या बंगाल के कुछ अवैध हथियार का धंधा करने वालों ने रायपुर के कुछ युवकों को कट्टे बेचे हैं इस मामले में छानबीन जारी है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *