देश दुनिया वॉच

गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा ‘ताउते’ तूफान, मुंबई और सूरत एयरपोर्ट बंद

Share this

नई दिल्ली : देश के दक्षिण पश्चिम राज्यों में चक्रवाती तूफान ताउते का खतरा मंडरा रहा है। अब ये तूफान गुजरात की ओर से बढ़ रहा है। मौसम विभाग की माने तो 17 और 18 मई को गुजरात में भारी बारिश की संभावना है। अबतक इस तूफान की वजह से प्रभावित इलाकों में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि सैकड़ों पेड़ गिर चुके हैं और कई गांव तक प्रभावित हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज शाम तक ताउते गुजरात के तट से टकराएगा और इसी बीच मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक को बंद करने का फैसला लिया गया है।

मुंबई में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित
चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के गुजरात की ओर बढ़ने के बीच मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में सोमवार को बहुत तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे जगह जगह पेड़ उखड़ गए और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। बृहन्मुंबई महानगर निगम (बीएमसी) ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ घंटे के दौरान मूसलाधार वर्षा होने और 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। बीएमसी के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि पास के ठाणे जा रही एक ट्रेन पर पेड़ गिर जाने से उपनगरीय घाटकोपर और विखरोली के बीच मध्य रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं आधे घंटे बाधित रहीं।

पीएम मोदी ने की ठाकरे से बात
महाराष्ट्र में ताउते चक्रवात से संबंधित स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की है।

मुंबई के तटीय इलाकों से अबतक 12,420 लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजा गया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि मुंबई के तटीय इलाकों से अबतक 12,420 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। मुंबई, ठाणे, पालघर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है और रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी है।

मुंबई में अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश – मौसम विभाग
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले कुछ घंटों तक मुंबई में भारी बारिश पड़ने की संभावना है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *