BREAKING CG NEWS

CG JAIL RULES: अब जेलों में नहीं चलेगा VIP कल्चर! 58 साल पुराने नियम बदले

Share this

CG JAIL RULES: VIP CULTURE WILL NO LONGER WORK IN JAILS! 58-year-old rules changed

रायपुर 24 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की जेलों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब जेलों में न रसूख के आधार पर विशेष सुविधाएं मिलेंगी और न ही जाति के आधार पर बंदियों को काम सौंपा जाएगा। राज्य सरकार ने करीब 58 साल पुराने कारागार नियमों में बदलाव करते हुए सात प्रावधानों में संशोधन किया है। इसके बाद अमीर-गरीब और सामाजिक हैसियत के आधार पर जेल के भीतर मिलने वाली विशेष सुविधाओं की व्यवस्था समाप्त हो जाएगी। नए प्रावधानों के तहत कैदियों और विचाराधीन बंदियों के साथ समान व्यवहार किया जाएगा।

संशोधन के तहत जाति के आधार पर सफाई, झाड़ू और अन्य काम सौंपने की परंपरा पर भी रोक लगाई गई है। अब जेलों में ऐसे काम बंदियों के बीच रोटेशन के आधार पर बांटे जाएंगे। यानी किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर यह तय नहीं होगा कि उसे कौन-सा काम करना है। रसोइयों की नियुक्ति से जुड़े प्रावधानों में भी बदलाव किया गया है।

नए नियमों में सुरक्षा के नाम पर प्रभावशाली बंदियों को अलग रखने की व्यवस्था को भी सीमित किया गया है। अब किसी बंदी को सुरक्षा कारणों से अलग रखने की व्यवस्था केवल अदालत के निर्देश पर ही की जा सकेगी। इससे जेल के भीतर विशेष प्रभाव या रसूख के आधार पर अलग व्यवस्था बनाए रखने की संभावना कम होगी।

राज्य सरकार का यह कदम सुप्रीम कोर्ट के 3 अक्टूबर 2024 के निर्देशों के बाद उठाया गया है। इन संशोधनों के जरिए जेलों में समानता और भेदभाव रहित व्यवस्था लागू करने की दिशा में बदलाव किया गया है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *