Tikeshwar Yadav’s dream has come true, the National Scholarship Portal has become the support of education.
बिलाईगढ़(धनेश यादव बिलाईगढ़ मो 9098386811)। एक मजदूर के बेटे के लिए दिल्ली में रहकर पढ़ाई करने का सपना पूरा करना आसान नहीं था, लेकिन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल ने उसके इस सपने को पूरा करने में मदद की। जिले के मिशन परसाभदर गांव के रहने वाले टिकेश्वर यादव ने अपनी उच्च शिक्षा के लिए इस पोर्टल का सहारा लिया। उन्हें इसके माध्यम से 2 लाख 32 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिली, जिससे दिल्ली के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) में पढ़ाई का सपना पूरा हो सका।
टिकेश्वर एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता सुजीत कुमार यादव मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के बावजूद उन्होंने हमेशा अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की कोशिश की।
टिकेश्वर ने बताया कि शुरुआती पढ़ाई गांव के पास स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में हुई। 12वीं तक गणित विषय लेकर पढ़ाई की।आगे की पढ़ाई गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर से पत्रकारिता एवं जनसंचार में ग्रेजुएशन किया। ग्रेजुएशन के दौरान दिल्ली के भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के बारे में जानकारी मिली। इस संस्थान में पढ़ने का सपना लेकर प्रवेश परीक्षा दी और सफल होकर दाखिला लिया दिल्ली में रहकर पढ़ाई की फीस और रहने-खाने का खर्च जुटाना बड़ी चुनौती थी। ऐसे में पिताज़ी ने पढ़ाई का सपना पूरा करने के लिए कर्ज लिया और किसी तरह फीस का इंतजाम हुआ।
इसी दौरान नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के बारे में जानकारी मिली औऱ पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया। उन्हें 2 लाख 32 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिली। छात्रवृत्ति मिलने से काफी ख़ुशी हुई। उनका कहना है कि इस राशि से वे अपने पिता द्वारा उनकी पढ़ाई के लिए लिए गए कर्ज को चुका सकेंगे। टिकेश्वर ने बताया कि आईआईएमसी से पढ़ाई पूरी करने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग से जुड़ी एक एजेंसी के माध्यम से काम करने का अवसर भी मिला है।
*युवाओं से टिकेश्वर की अपील*
टिकेश्वर का कहना है कि नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं के लिए बहुत अच्छा प्लेटफॉर्म है।उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर उपलब्ध योजनाओं की जानकारी लें और पात्र होने पर आवेदन जरूर करें।

