BREAKING CG NEWS

RAIGARH FIRING CASE: शराब दुकान के बाहर गार्ड पर अंधाधुंध फायरिंग, मचा हड़कंप

Share this

RAIGARH FIRING CASE: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गेरवानी क्षेत्र स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान के बाहर देर रात एक युवक ने फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली वहां तैनात निजी सुरक्षा गार्ड के पेट में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है मामला

घटना 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। घायल सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल (43 वर्ष) ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत गेरवानी शराब दुकान में ड्यूटी पर तैनात था। बताया गया कि दुकान बंद होने के बाद कुछ असामाजिक तत्व अक्सर परिसर के आसपास पहुंचकर विवाद और गाली-गलौज करते थे।

पुलिस के अनुसार, घटना की रात एक युवक दुकान के सामने पहुंचा और गार्ड के एक परिचित से गाली-गलौज एवं मारपीट को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने जान से मारने की धमकी देने के बाद अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकाला और फायर कर दिया, जिससे गोली चंद्रशेखर के पेट में लगी। घायल अवस्था में चंद्रशेखर आहाते के पीछे जाकर अपनी जान बचाई और साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 को मामले की सूचना दी गई।

Read more:- KHAN SIR FIRING CASE: खान सर कोचिंग बवाल के आरोपी प्रिंस यादव की गोली मारकर हत्या

जांच में जुटी पुलिस

फायरिंग की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना पुलिस, साइबर टीम, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी की तलाश में मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस आरोपी की पहचान, हथियार की प्रकृति और फायरिंग के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *