- जिले के वरिष्ठ नागरिक बिना किसी डर के करवाएं टीकाकरण -कलेक्टर
बालकृष्ण मिश्रा/ सुकमा : सुकमा जिला अस्पताल में आज से कोविड टीकाकरण के दूसरे चरण का शुभारम्भ हो चुका है। जिसमें जिले के 60 वर्ष से अधिक एवं 45 से 59 वर्ष के को-मॉर्बिड नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा।
टीकाकरण के पहले दिन जिला अस्पताल में कलेक्टर श्री नंदनवार के परिजनों ने भी टीकाकरण करवाया। कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार के पिताश्री विजय नंदनवार सहित श्री सर्यप्रकाश नंदनवार, श्री ओमप्रकाश नंदनवार एवं श्री श्याम कुमार साव ने कोविड वैक्सीन के पहले डोज का टीकाकरण करवाया। इसके उपरांत उन्होंने आधे घंटे निगरानी कक्ष में बिताए। इसके साथ ही जिले के वरिष्ठ नागरिकों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित भी किया।
निर्भीक होकर लगवाएं टीका
इस अवसर पर कलेक्टर श्री नंदनवार ने कहा कि कोविड वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है। जिले में प्रथम चरण के तहत समस्त फ्रंटलाइन वॉरियर्स का टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। अब दूसरे चरण में जिले के वरिष्ठ नागरिकों को बिना किसी डर और घबराहट के निसंकोच होकर टीकाकरण करवाने के लिए अपील की। जिससे जिले में शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण सफतापूर्वक हो सके और कोविड-19 जैसी संक्रामक वायरस से सभी जिलेवासी सुरक्षित रहे।
वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण हुआ प्रारम्भ, पहले दिन 75 ने लगाया कोविड टीका
कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रदेश भर में दूसरे चरण का टीकाकरण अभियान एक मार्च से प्रारंभ हो गया। सुकमा जिले में कोविड टीकाकरण के दूसरे चरण के तहत 60 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों और 45 से 59 आयु वर्ग के को-मॉर्बिड व्यक्तियों का टीकाकरण कुम्हाररास स्थित शासकीय जिला अस्पताल में निःशुल्क किया जा रहा है। जिला अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों को टीकाकरण में कोई परेशानी ना हो इसलिए सुविधा हेतु तीन अलग अलग स्थल बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि आज टीकाकरण के प्रथम दिवस पर 60 वर्ष से अधिक की आयु के 25 नागरिकों के साथ 45 से 59 वर्ष के 50 व्यक्तियों का टीकाकरण जिला अस्पताल में किया गया। इसके साथ ही पहले चरण के अंतर्गत शेष आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण भी किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सभी जिलों में 01 मार्च से कोविड टीकाकरण का दूसरे चरण का शुभारम्भ हो चुका है। दूसरे चरण के अन्तर्गत 45 से 59 आयु वर्ग के कोमार्बीड एवं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले नागरिकों का टीकाकरण कार्य किया जा रहा है। लाभार्थियों के लिए टीकाकरण केन्द्र में ही पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है, जिसके लिए कोई भी फोटो आई कार्ड जैसे आधार कार्ड, एपिक कार्ड, पासबुक, ड्राईविंग लायसेंस एवं पेंशन दस्तावेज उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके अलावा 45 से 59 आयु वर्ग के को-मार्बिड (किसी बीमारी से ग्रसित) व्यक्तियों को सक्षम चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी कोमार्बीड प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है।

