Khairve Death Mystery: कसडोल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खर्वे में बीते चार महीनों के भीतर आठ लोगों की एक के बाद एक हुई मौतों के मामले में अब सीबीआई जांच की मांग सामने आई है। विधायक संदीप साहू ने छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र सौंपकर घटना की सीबीआई एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में ग्रामीणों के हवाले से बताया है कि आरोपी रामसहाय जायसवाल द्वारा शराब में जहर मिलाकर आठ लोगों की हत्या की गई है।
पत्र में कहा गया है कि ग्रामीणों के बीच लंबे समय से गड़े-धन की तलाश, अंधविश्वास और बलि जैसी तांत्रिक अनुष्ठान गतिविधियों को लेकर चर्चा व्याप्त रही हैं। विधायक ने यह भी आशंका जताई है कि इस अपराध में आरोपी रामसहाय के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं जिनके इशारे पर यह तांत्रिक क्रियाएं की जा रही थीं। ग्रामीणों का मानना है कि इतने कम समय में आठ लोगों की मौत सामान्य नहीं है और आरोपी द्वारा पुलिस को दिए जा रहे बयान पूरी तरह भ्रामक हैं। जिनसे ग्रामीण कतई सहमत नहीं हैं।
दोषियों को मिले सजा
विधायक संदीप साहू ने शासन से आग्रह किया है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की सीबी आई एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके और ग्रामीणों को न्याय मिल सके इस पत्र के बाद अब पूरे जिले में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों की निगाहें अब शासन के अगले कदम पर टिकी हैं।संदिग्ध परिस्थितियों में एक के बाद एक हुई मौतों के मामले में पुलिस ने मृतकों के शव कब्र खोदकर बाहर निकाले थे। इससे पहले ग्रामीणों ने थाने का घेराव भी किया था।

