BREAKING CG NEWS

विकास और जनसेवा की मिसाल बनी रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस

Share this

बिलासपुर। महिलाओं द्वारा संचालित समाजसेवी संस्था ‘रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस’ शिक्षा, स्वास्थ्य और जन जागरूकता के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही है। वर्ष 2018 में गठित रोटरी इंटरनेशनल की इस शाखा ने बीते वर्षों में समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई महत्वपूर्ण सेवा कार्य किए हैं। यह जानकारी क्लब की अध्यक्ष सोमा (सीमा) ठाकुर, सचिव भारती सालुंके और कोषाध्यक्ष प्रियंका रिकी जिवनानी ने बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रवार्ता में दी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि क्लब अपनी स्थापना से ही सामाजिक सरोकार के कार्यों में अग्रणी रहा है। वर्ष 2019 में रोटेरियन प्रेरणा सुराणा की अध्यक्षता में 10 महिलाओं को ‘पिंक लाइन’ प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा गया। 2020-21 में रोटेरियन शिल्पी चौधरी के कार्यकाल में कोरोना महामारी के दौरान मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर और बेड उपलब्ध कराने के साथ ही बस्तियों में राशन व दवाइयों का वितरण किया गया। इसी दौरान गनियारी के जन स्वास्थ्य केंद्र में नवजात शिशुओं के लिए नियोनेटल आईसीयू (NICU) भी स्थापित किया गया। 2022 में वसुंधरा नगर में रोटरी गार्डन का निर्माण कराया गया।

क्लब के सेवा कार्यों का सिलसिला आगे बढ़ाते हुए 2023 में रोटेरियन वंदना सिंह की अध्यक्षता में बर्न केस (जलने की शिकार) की 15 महिलाओं का इलाज कराया गया। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा, वेंडर्स को ठेले का वितरण और ग्राम गटौरी में प्राइमरी स्कूल का जीर्णोद्धार कराया गया। वहीं, 2024 में रोटेरियन मनीषा जायसवाल के कार्यकाल में रोटरी गार्डन में मंदिर निर्माण, स्वास्थ्य शिविर का आयोजन और ग्राम लिमतरी के प्राइमरी स्कूल का रेनोवेशन किया गया।

वर्तमान सत्र के प्रमुख कार्य और भविष्य की योजनाएं

वर्तमान सत्र 2025-26 में अध्यक्ष सीमा ठाकुर, सचिव भारती सालुंके और कोषाध्यक्ष प्रियंका जीवनानी के नेतृत्व में क्लब ने कई अहम प्रोजेक्ट पूरे किए हैं। इनमें दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद का आयोजन, कैंसर पीड़ितों को आर्थिक सहायता और ‘हैप्पी स्कूल प्रोजेक्ट’ के तहत चंदन आवास (राजकिशोर नगर) स्थित शासकीय स्कूल में जीर्णोद्धार, शौचालय निर्माण, पेयजल व्यवस्था व कमरों का निर्माण कार्य प्रमुख है।

क्लब द्वारा प्रतिवर्ष कन्या विवाह में सहायता राशि व सामग्री दी जाती है। इसके अलावा समय-समय पर जरूरतमंदों को स्वेटर, कंबल, खाद्य सामग्री, स्टेशनरी, दवाइयों का वितरण और आवश्यक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने का कार्य भी किया जाता है।

पदाधिकारियों ने बताया कि इन सभी सेवा कार्यों के लिए फंड जुटाने हेतु क्लब स्पोर्ट्स (मैराथन, फुटबॉल टूर्नामेंट) के साथ-साथ गरबा, साड़ी वॉकेथॉन और होली सेलिब्रेशन जैसे फंडराइजर इवेंट्स भी आयोजित करता है। इस पत्रवार्ता में क्वींस की सदस्य वंदना सिंह, मनीषा जायसवाल, संगीता चोपड़ा, रिंपी होरा, बंटी सैनी, सुनीता अग्रवाल और अमिता गोयल समेत अन्य सदस्याएं उपस्थित थीं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *