BREAKING CG NEWS

जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से ‘ऑपरेशन गोल्ड’ तकः छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के 2 साल बेमिसाल

Share this

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने सफल और ऐतिहासिक दो वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस दौरान संगठन ने सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, सुरक्षा, जागरूकता और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इसी कड़ी में संगठन तीसरे वर्ष में नई मिसाल कायम करने के संकल्प के साथ आगामी 28 जून (रविवार) को सुबह 10 बजे से मंगला स्थित रामदेव लॉन (36 मॉल के बगल) में तृतीय आमसभा और प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन का भव्य आयोजन करने जा रहा है। जगदलपुर और जांजगीर के बाद इस बार बिलासपुर को मेजबानी मिली है, जहां पूरे प्रदेश से लगभग 5,000 सराफा व्यापारी और पदाधिकारी जुटेंगे।

 

शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें सराफा जन-संवाद अभियान, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड और बीआईएस जागरूकता अभियान जैसी प्रमुख उपलब्धियों को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया। महासम्मेलन के प्रमुख मुद्दों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। व्यापारियों को हो रही कानूनी कठिनाइयों को देखते हुए शासन से सरल और स्पष्ट नियम बनाने की मांग की जाएगी।

 

संगठन के विस्तार और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में प्रदेश में संगठन की मात्र 60 सक्रिय इकाइयां थीं, जो वर्तमान में 125 से अधिक हो गई हैं। भविष्य में प्रदेश के प्रत्येक सराफा व्यापारी को जोड़ते हुए कुल 251 इकाइयों के गठन का लक्ष्य है। इसके अलावा इन दो वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि रायपुर में प्रस्तावित ‘जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क’ को शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाने की दिशा में हुई प्रगति है। वहीं, सुरक्षा के मोर्चे पर सरकंडा क्षेत्र में हुई डकैती की घटना को मात्र 24 घंटे में सुलझाने वाले बिलासपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन गोल्ड’ की सराहना करते हुए एसोसिएशन ने आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी पंकज पटेल व सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी टीम का सम्मान कर पुलिस-व्यापारी समन्वय की मिसाल पेश की।

 

अपने संदेश में प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि हमारे दो वर्ष उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य 251 इकाइयों का गठन, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना, सुरक्षा को मजबूत करना और धारा 317 का सरलीकरण सुनिश्चित करना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, समन्वयक प्रदीप मारोठी घोरपड़े, कार्यकारी अध्यक्ष (विभिन्न संभाग) संजय कानुगा, उत्तमचंद भंडारी, पवन अग्रवाल, राजू दुग्गड़, राजेश सोनी समेत संगठन मंत्री सुनील सोनी, मीडिया प्रभारी आलोक सोनी और जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह सक्रिय रूप से जुटे हैं।

 

आयोजन समिति में पंकज पारेख, राजेश शाह, अजय सराफ, प्रमोद वर्मा, नवनाथ आवले, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार, राजू पारेख और सज्जन सोनी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। इस आयोजन में बिलासपुर, तखतपुर, सीपत, मरवाही, बेलतरा, चकरभाठा, कोटा, बिल्हा-सरगांव और रतनपुर सराफा एसोसिएशन की भी अहम भूमिका रहेगी। प्रेस वार्ता के दौरान कल्याण सोनी, श्रीकांत पाण्डेय, प्रमोद वर्मा, सजन सोनी, नवनाथ, अजय सराफ आदि प्रमुख सराफा व्यवसायी उपस्थित रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *