तारबाहर पार्षद शेख असलम का निधन, बिलासपुर में शोक की लहर
बिलासपुर। तारबाहर वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद शेख असलम का गुरुवार रात निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे असलम का इलाज अपोलो हॉस्पिटल में चल रहा था। उनके निधन की पुष्टि पूर्व पार्षद एसडी कार्टर ने की।
उनकी मौत की खबर फैलते ही तारबाहर क्षेत्र और पूरे बिलासपुर में शोक की लहर दौड़ गई। स्वर्गीय शेख असलम ने कांग्रेस और भाजपा शासनकाल में पार्षद के रूप में क्षेत्र की सेवा की। पूर्व बीडीए नेता एवं पार्षद शेख गफ्फार के निधन के बाद हुए उपचुनाव में क्षेत्रवासियों ने उन्हें सहानुभूति और विश्वास के मत देकर पार्षद का पद सौंपा था।
अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी और जनता के हर सुख-दुख में सक्रिय रहे। सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाने वाले शेख असलम का निधन तारबाहर क्षेत्र और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में गहरा असर छोड़ गया। नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।