A ‘paper’ flight and a two-life deal in the name of experience and maternity security!
जिला ब्यूरो : फिलिप चाको
बालोद : पलारी उप स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही की भेंट चढ़े माँ और बच्चा; साहू परिवार का उजड़ा संसार, सिस्टम के ‘अनुभवी’ मौन में
शासन की मातृत्व सुरक्षा योजनाओं के दावे ज़मीनी हकीकत से टकराकर अक्सर दम तोड़ देते हैं, लेकिन पलारी उप स्वास्थ्य केंद्र में जो हुआ, उसने व्यवस्था की संवेदनशीलता और जवाबदेही—दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहाँ जच्चा-बच्चा की सेहत के साथ कथित तौर पर हुए खिलवाड़ का नतीजा यह रहा कि साहू परिवार ने एक ही झटके में दो जानें खो दीं।
जब इस मामले में ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) से सवाल किया जाता है, तो तर्क मिलता है कि “यहाँ अनुभव चलता है, मेडिकल इथिक्स नहीं!” अब सीधे और चुभते सवाल उठ रहे हैं कि क्या इन ‘महान अनुभवी’ चिकित्सा-विदों ने दो जानें बचाने के लिए वाकई अपने अनुभव के ज्ञान का सहारा लिया, या फिर किसी विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करने की जहमत उठाई? या फिर अपने ही ‘अंतिम’ अनुभव को सर्वोपरि मानकर दो ज़िंदगियों का हिसाब बराबर कर दिया?
क्या है पूरा मामला?
20 नवंबर को तालाब पार, पलारी निवासी 29 वर्षीय प्रसूता वेद बाई साहू (पति तीरथ राम साहू) को प्रसव पीड़ा होने पर सुबह उप स्वास्थ्य केंद्र पलारी में भर्ती कराया गया। शुरुआती जाँच के बाद हालत सामान्य बताई गई, लेकिन प्रसव के दौरान बच्चे के बाहर आने में देरी हुई और शिशु मृत अवस्था में पैदा हुआ। नवजात को बचाने के प्रयास में धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उसे बचाया नहीं जा सका।
इसके कुछ ही देर बाद प्रसूता की हालत भी बिगड़ने लगी। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव, तेज़ दर्द और उल्टी की शिकायत पर 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ पहुँचने के कुछ देर बाद उनकी भी मृत्यु हो गई।
‘अनुभव’ की आड़ और बयानों के विरोधाभास
ग्रामीण चिकित्सा सहायक सुनील कुमार देवांगन ने मीडिया के सामने घटनाक्रम रखा, लेकिन जमीनी पड़ताल और पीड़ित पक्ष के बयानों ने कई ऐसे पहलू सामने ला दिए, जो गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करते हैं। आरोप है कि स्वास्थ्य अमला इस त्रासदी को महज़ ‘अनुभव’ की चादर में ढँककर इसे विभाग में “होने वाली सामान्य घटनाओं” की तरह पेश करने की कोशिश कर रहा है।
सवाल यह है कि क्या आम इंसान की ज़िंदगी इन ‘अनुभवी शोधकर्ताओं’ के लिए महज़ प्रयोग या आंकड़ों की वस्तु बनकर रह गई है? क्या चिकित्सकीय नैतिकता का पैमाना अब केवल विभाग के टारगेट पूरे करने और कागज़ी खानापूर्ति तक सिमट गया है, ताकि वरिष्ठों के सामने अपने ‘अनुभवों’ का बखान कर पीठ थपथपाई जा सके?
एक चर्चित फिल्मी संवाद है—“एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो… बाबू?” ठीक उसी अंदाज में पीड़ित परिवार पूछ रहा है कि उजड़ी माँग और सूनी गोद की कीमत वे ‘अनुभवी सहायक बाबू’ क्या जानें, जिन्होंने कथित लापरवाही से दो जानें गँवा दीं।
परिजनों के गंभीर आरोप और दावों की पोल
जब मीडिया ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से बात की, तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं, जिसके बाद स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने चुप्पी साध ली और उल्टे मीडिया को ही नैतिकता व ईमानदारी का पाठ पढ़ाने लगे।
* बिना डॉक्टर के प्रसव: ग्रामीणों का कहना है कि प्रसव के दौरान कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। पूरा मामला एक आया और एक स्टाफ नर्स के भरोसे चल रहा था, जबकि उसी दिन केंद्र में करीब पाँच प्रसव निपटाए गए।
* रेफरल में लापरवाही: जब महिला की हालत बिगड़ी, तो कथित तौर पर बिना किसी मेडिकल स्टाफ के, केवल परिजनों और एक आया के सहारे धमतरी भेज दिया गया।
* अनसुनी गुहार: मृत महिला के पति तीरथ राम साहू और परिजनों का आरोप है कि उन्होंने स्टाफ से साफ कहा था कि यदि यहाँ संभलना मुश्किल है तो बता दें, वे तुरंत धमतरी के बड़े अस्पताल ले जाएंगे। लेकिन आरोप है कि स्टाफ ने अपने ‘बड़े अनुभव’ का हवाला देते हुए इसे “रोज़ की बात” कहकर टाल दिया। पति का कहना है कि पूरी गलती अस्पताल प्रबंधन की है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
* बिना सहमति कॉपर-टी और दस्तखत: पड़ताल में यह बात भी सामने आई कि परिजनों को बताए और सहमति पत्र भरवाए बिना कथित तौर पर कॉपर-टी लगाई गई। साथ ही, घटना के बाद पति से कई कागजातों पर हस्ताक्षर लिए गए, जिनके बारे में उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
* दावों पर सवाल: आरएमए सुनील कुमार देवांगन ने दावा किया कि माँ के साथ मितानिन को भेजा गया था, जबकि मितानिन लक्ष्मी सोनवानी का कहना है कि वे बच्चे को लेकर धमतरी गई थीं और उनके लौटने से पहले ही माँ को धमतरी ले जाया जा चुका था। वहीं, एक स्टाफ नर्स को साथ भेजने के दावे पर भी सवाल उठे, क्योंकि बताया गया कि वे दूसरे प्रसव में व्यस्त थीं।
* निजी क्लिनिक की चर्चा: कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि आरएमए घर पर निजी क्लिनिक चलाते हैं और उनकी प्राथमिकता केंद्र के बजाय निजी प्रैक्टिस पर अधिक रहती है, जिसे लेकर ग्रामीण पहले भी समझाइश दे चुके हैं, पर नतीजा सिफर रहा।
अब इंतज़ार जाँच या ‘लीपापोती’ का?
दो जानें जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस हृदयविदारक घटना की जाँच वाकई निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई तक पहुँचेगी, या फिर फाइलों और कागज़ी खानापूर्ति में दबकर रह जाएगी? और सबसे ज़रूरी यह कि स्वास्थ्य विभाग के टारगेट और ‘अनुभव’ के दावों के बीच कहीं और किसी परिवार का चिराग बुझने का इंतज़ार तो नहीं किया जा रहा?

