BREAKING CG NEWS

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की पहल से आरंग को सड़क विकास की एक और बड़ी सौगात

Share this

With the initiative of Minister Guru Khushwant Saheb, Arang has received another big gift of road development.

आरंग/रायपुर,आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब जी की पहल और प्रयासों से क्षेत्र के धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव तक सड़क के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा 11 करोड़ 69 लाख 9 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति के तहत 15.50 किलोमीटर लंबी सड़क का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। यह कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार वित्त विभाग की सहमति के पश्चात इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इस सड़क के नवीनीकरण से धमनी, कोटनी पलौद, नवागांव सहित आसपास के गांवों के नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की आवश्यकता महसूस कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह स्वीकृति निश्चित रूप से महत्वपूर्ण सौगात साबित होगी। सड़क के सुदृढ़ होने से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

 

*सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता*

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी लगातार आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि विकास का वास्तविक लाभ तभी आम नागरिक तक पहुंचता है, जब गांवों को अच्छी सड़कें, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत संपर्क व्यवस्था उपलब्ध हो। इसी सोच के अनुरूप क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण के कार्यों को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जा रहा है। धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव मार्ग के लिए मिली यह स्वीकृति भी क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

*निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखा जाएगा विशेष ध्यान*

शासन द्वारा जारी प्रशासकीय स्वीकृति में निर्माण कार्य को निर्धारित तकनीकी एवं वित्तीय मापदंडों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। तकनीकी स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया, ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुमोदन तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने जैसी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं स्वीकृत राशि के नियमानुसार उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

*मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति जताया आभार*

इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की जनता की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुरूप सड़क, पुल-पुलिया सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव मार्ग के लिए 11.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि वे गांवों की तरक्की, किसानों की आर्थिक गतिविधियों, युवाओं के अवसरों और आम नागरिकों की सुविधाओं से सीधे जुड़ी होती हैं। हमारा प्रयास है कि आरंग विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और ग्रामीणों को भी शहरों की तरह बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।

 

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास की यह रफ्तार निरंतर जारी रहेगी और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *