BREAKING CG NEWS

केशकाल में पानी कम, बिल पूरा! पार्षद सोहेल रजा ने उठाए सवाल, जलापूर्ति सुधारने और बिल में राहत देने की मांग

Share this

Less water in Keshkal, bill completed! Councillor Sohail Raza raised questions, demanded to improve water supply and give relief in the bill

केशकाल:- नगर पंचायत केशकाल क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने के बावजूद नागरिकों से पूरा पानी का बिल वसूले जाने पर पार्षद सोहेल रजा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए नगर पंचायत से जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार करने तथा प्रभावित नागरिकों को पानी के बिल में उचित राहत देने की मांग की है।

पार्षद सोहेल रजा ने कहा कि पानी प्रत्येक परिवार की बुनियादी जरूरत है। खाना बनाने, साफ-सफाई और अन्य दैनिक कार्यों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होना आवश्यक है। इसके बावजूद यदि नागरिकों को उनकी जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल रहा है और उनसे पूरा बिल लिया जा रहा है, तो इस स्थिति की समीक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की जिम्मेदारी है कि नागरिकों को नियमित और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें रोजमर्रा की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

पार्षद सोहेल रजा ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर प्रभावित क्षेत्रों में नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जब तक जलापूर्ति में कमी बनी रहती है, तब तक पानी के बिल में उचित राहत देने अथवा शुल्क वसूली की समीक्षा करने पर निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की मूलभूत जरूरतों और उनकी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *