MAHADEV BETTING APP CASE: Abhishek Kumar arrested as soon as he returns from Dubai!
MAHADEV BETTING APP CASE: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी और कथित किंगपिन अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है. CBI के मुताबिक दुबई से भारत लौटते ही उसे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया है. जांच में अभिषेक कुमार की ऑनलाइन बेटिंग और जुआ संचालन, पैनल से तालमेल, रकम जुटाने और कथित अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्तियां हासिल करने में सक्रिय भूमिका सामने आई है.
CBI के अनुसार गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में अभिषेक कुमार के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री बरामद और जब्त की गई. जांच एजेंसी का कहना है कि जब्त सामग्री महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी सक्रिय भूमिका की ओर इशारा करती है. अभिषेक कुमार मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था.
CBI की कस्टडी में रहेगा आरोपी
गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां CBI को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली. इसके बाद आरोपी को रायपुर ले जाकर अदालत में पेश किया गया. रायपुर कोर्ट ने उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर CBI को सौंप दिया.

