ED RAID: कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) की भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर ED ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, मंगलवार को कर्नाटक और अहमदाबाद में 21 ठिकानों पर छापेमारी की. ये कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है.
ईडी की कार्रवाई का मुख्य फोकस KPSC की वेटरिनरी ऑफिसर भर्ती से जुड़े कथित भ्रष्टाचार पर ही है. तलाशी के दायरे में KPSC का कार्यालय, निलंबित चेयरमैन शिवशंकरप्पा एस. साहूकार, KPSC सदस्य शांता होसमनी के परिसरों के अलावा कथित बिचौलियों के ठिकाने भी शामिल हैं. इसके अलावा परीक्षा की डिजिटल कॉपियां जांचने वाली एडुस्टेट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय और कुछ चयनित उम्मीदवारों के परिसरों पर भी तलाशी ली जा रही है.
Read more:- ED RAID BREAKING: DMF Scam में ED का बड़ा एक्शन! राजनांदगांव के दो ठिकानों पर छापेमारी
जानिए पूरा मामला
मामला KPSC की ओर से 400 वेटरिनरी ऑफिसर पदों के लिए शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है. इनमें 342 नियमित और 58 बैकलॉग पद शामिल थे. आरोप है कि कुछ कथित बिचौलियों ने उम्मीदवारों को सेलेक्शन लिस्ट में जगह दिलाने के नाम पर पैसे की मांग की. कुछ अभ्यर्थियों ने 80 लाख रुपये तक मांगे जाने का दावा किया है. हालांकि, ये आरोप अभी जांच के दायरे में हैं.
जांच एजेंसी की तलाशी का उद्देश्य कथित भर्ती अनियमितताओं से जुड़े पैसे के लेन-देन, बिचौलियों की भूमिका और भर्ती प्रक्रिया में संभावित हेरफेर की कड़ियों का पता लगाना है. अधिकारियों की ओर से तलाशी के दौरान क्या बरामद हुआ, इसकी भी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

