बिलासपुर। शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को मंगला स्थित माता चौक में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की सौगात दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री अरुण साव ने कई नवीन निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया, जबकि पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से लोकार्पण किया गया। इस मौके पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने क्षेत्र की जनता की ओर से मंत्री के समक्ष कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की मांग रखी, जिस पर सकारात्मक विचार करते हुए उन्हें जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक शहर और गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सरकार का संकल्प है कि जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारा जाए। पिछले कुछ महीनों में बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य शुरू हुए हैं, जिनका लाभ सीधे आम नागरिकों को मिल रहा है। सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में विकास की गति को तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लगातार विकास कार्यों के माध्यम से जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पूर्व के वर्षों में विकास कार्यों की जो गति प्रभावित हुई थी, उसे सुधारते हुए अब भाजपा सरकार तेजी से अधूरे कार्यों को पूरा कर रही है। जनता की सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार आगे भी इसी तरह विकास कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी।

