बिलासपुर। एक जुलाई को पूरे देश में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह दिवस देश के महान चिकित्सक एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र राय की जयंती और पुण्यतिथि की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर डॉक्टरों के समाज और मानव सेवा में योगदान को याद करते हुए उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने कहा कि मां के बाद यदि कोई व्यक्ति सबसे अधिक मरीज की देखभाल करता है, तो वह डॉक्टर होता है। लोगों का विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद ही डॉक्टरों को बेहतर सेवा देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनसेवा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहने की बात कही।
इसी कड़ी में डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिला जेल में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सिम्स मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति, आईएमए के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद जायसवाल, आईएमए सचिव, सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल और सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर एवं जेल अधीक्षक सहित शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सक शामिल हुए। इस दौरान जेल परिसर में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया, जहां चिकित्सकों ने कैदियों को बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छ जीवनशैली, बीमारियों से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में कैदियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछकर आवश्यक डॉक्टरी सलाह प्राप्त की।

