बिलासपुर। शहर के व्यापारिक और रिहायशी इलाकों में देर रात तक शराब परोसने और नियमों को ताक पर रखने का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। ताजा मामला ओल्ड बस स्टैंड, टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित होटल हेवन पार्क के ‘एलीट पब’ (LIT – Life In Trance) से सामने आया है, जहां कानून-व्यवस्था और समय सीमा की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी इस पब में देर रात तक शराब परोसी जा रही है। शनिवार की रात करीब 1 बजे भी पब के भीतर नियमों को दरकिनार कर लोग जाम झलकाते नजर आए। नियमों के मुताबिक निर्धारित समय पर पब बंद हो जाने चाहिए, लेकिन यहां प्रबंधन की मनमानी के आगे सारे नियम बौने साबित हो रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम से यह साफ जाहिर होता है कि पब प्रबंधन को कानून का कोई खौफ नहीं है।
रिहायशी इलाके में सुरक्षा पर खतरा और प्रशासन की चुप्पी
होटल हेवन पार्क का यह पब जिस इलाके में स्थित है, वह शहर का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र होने के साथ-साथ नजदीकी रिहायशी इलाकों से भी जुड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात को 2 बजे तक यह पब संचालित होता है, जिसके कारण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। देर रात तक पब खुले रहने और वहां से निकलने वाले नशेड़ियों के चलते आसपास का माहौल खराब हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की कथित सरपरस्ती के बिना इतनी बड़ी लापरवाही मुमकिन नहीं है। शिकायत के बाद भी कोई ठोस कदम न उठाए जाने से अब विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में है। ऐसा लगता है कि सब कुछ जानते हुए भी इस अवैध संचालन को मूक सहमति दी जा रही है।
सख्त कार्रवाई और लाइसेंस निरस्त करने की मांग
तय समय सीमा के बाद भी देर रात तक शराब परोसे जाने और रईसजादों की महफिल सजे रहने से आसपास के रहवासियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने जिला प्रशासन और पुलिस कप्तान से मांग की है कि होटल हेवन पार्क के एलीट पब की इस मनमानी की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। पब के भीतर और बाहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर पब का लाइसेंस तुरंत निरस्त कर संचालकों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस लिंक से देखें वीडियो
https://www.instagram.com/reel/DZ11MGwIItj/?igsh=MWFicjZ1azA1YjVqeQ==

