BREAKING CG NEWS

Raipur Ganesh Jhanki: झांकी के चलते कई सड़कें बंद, घर से निकलने से पहले देखें पूरा रूट

Share this

Raipur Ganesh Jhanki: Many roads closed due to tableau, see the full route before leaving the house

Raipur Ganesh Jhanki: रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी निकाला जाएगा। इसे लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से रवाना होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट स्थित विसर्जन स्थल पहुंचेगी।

आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के मद्देनजर झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। अन्य मार्गों से आने वाले वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे शाम 7 बजे से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

इन मार्गों से कर सकेंगे आवागमन

टाटीबंध की ओर से: टाटीबंध से महोबा बाजार–चौबे कॉलोनी–समता कॉलोनी–तेलघानी नाका–रेलवे स्टेशन चौक–फाफाडीह चौक–शास्त्री चौक की ओर आवागमन किया जा सकेगा। वैकल्पिक रूप से टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1–पचपेड़ी नाका मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।

भनपुरी की ओर से: फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन चौक–तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर या फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक–कालीबाड़ी–पचपेड़ी नाका की ओर आवागमन किया जा सकेगा।

तेलीबांधा की ओर से: तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक–फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन या कालीबाड़ी होकर आवागमन किया जा सकेगा।

पचपेड़ी नाका की ओर से: पचपेड़ी नाका चौक–टिकरापारा चौक–कालीबाड़ी चौक–महिला थाना–शास्त्री चौक–फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन तक आवागमन किया जा सकेगा।

इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक–मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार–कोतवाली मार्ग पर यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था

यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

पंडरी की ओर से आने वाले: मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकेंगे।

सिविल लाइन की ओर से आने वाले: शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे वाहन पार्क कर सकेंगे।

टिकरापारा/कालीबाड़ी की ओर से आने वाले: सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।

गुढ़ियारी/समता कॉलोनी की ओर से आने वाले: भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे।

सुंदरनगर/रायपुरा की ओर से आने वाले: लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि 28 सितंबर को गणेश झांकी चल समारोह के दौरान निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों में सहयोग करें, ताकि झांकी में शामिल श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *