CG BIG NEWS: रायपुर। मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रशासनिक कामकाज को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत सचिवालय के छह वरिष्ठ अधिकारियों को नए सिरे से कार्य आवंटित किया गया है। साथ ही पहली बार पांचों संभागों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करेंगे।
आदेश के अनुसार, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह को राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, नीति आयोग, लोकसभा-राज्यसभा से जुड़े मामलों के साथ मंत्रिपरिषद, मुख्यमंत्री की विशेष परियोजनाओं और सीएम डैशबोर्ड की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास सामान्य प्रशासन, वित्त, खनिज, विधि-विधायी तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभागों का समन्वय भी रहेगा।
वहीं सचिव मुकेश कुमार बंसल को कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, ऊर्जा, जल संसाधन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आबकारी तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय कर्मचारियों से जुड़े कई प्रशासनिक मामलों की निगरानी भी वे करेंगे।
सचिव पी. दयानंद मुख्यमंत्री सहायता कोष, विवेकाधीन निधि और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से जुड़े मामलों का संचालन करेंगे। उनके पास लोक निर्माण, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, जीएसटी, पंजीयन और संसदीय कार्य विभागों का दायित्व रहेगा।
सचिव राहुल भगत को मुख्यमंत्री निवास से जुड़े समन्वय कार्यों के साथ गृह, जेल, परिवहन, संस्कृति, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा अनुसूचित जाति-जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग विकास विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशेष सचिव रजत बंसल सुशासन तिहार, सूचना का अधिकार और जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की निगरानी करेंगे। उनके पास पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, आवास एवं पर्यावरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामोद्योग और विमानन विभाग रहेंगे।
संयुक्त सचिव प्रभात मलिक को जनदर्शन और जन शिकायत निवारण व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, नगरीय प्रशासन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, योजना, कौशल विकास एवं रोजगार तथा श्रम विभाग भी उनके अधीन रहेंगे।
संभागवार नोडल अफसर भी तय
सरकार ने पहली बार स्पष्ट जवाबदेही तय करते हुए पांचों संभागों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। इसके तहत रायपुर संभाग की जिम्मेदारी मुकेश कुमार बंसल, बिलासपुर की पी. दयानंद, बस्तर की राहुल भगत, सरगुजा की रजत बंसल और दुर्ग संभाग की प्रभात मलिक को सौंपी गई है। ये अधिकारी अपने-अपने संभागों में योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करेंगे।



