CG News: Tension Rises Over Religious Conversion; 14 Families Socially Boycotted
धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर गांव-गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। कांकेर जिले के ग्राम बाड़ाटोला में धर्म परिवर्तन कर चुके 14 परिवारों का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बहिष्कृत परिवारों ने इस पूरे मामले की शिकायत चारामा एसडीएम से की है।
शिकायत के बाद प्रशासनिक अमला गांव पहुंचा और दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को समझने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन परिवारों ने ईसाई धर्म अपनाया है, वे अब गांव की पारंपरिक आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक गतिविधियों से दूरी बना रहे हैं। इससे गांव की एकजुटता और परंपराएं प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों ने सख्त नियम बनाया है कि यदि कोई व्यक्ति बहिष्कृत परिवारों के साथ लेन-देन या सहयोग करता है, तो उस पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
बैठक के दौरान समाधान निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सहमति नहीं बन पाई।
वहीं, सर्व समाज के नेता ईश्वर कावड़े ने कहा कि जो आदिवासी परिवार अन्य धर्मों में शामिल हो गए हैं, उन्हें वापस अपनी मूल संस्कृति में लाने के प्रयास किए जाएंगे।
फिलहाल प्रशासन मामले को संवेदनशील मानते हुए लगातार निगरानी बनाए हुए है और दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।

