DIWALI 2026: Chhattisgarh Congress veterans attend Diwali Milan ceremony at Rahul Gandhi’s house!
रायपुर। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित 5, सुनहरी बाग रोड निवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए.

समारोह के दौरान मौजूद यूपीए की चेयरपर्सन व सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ प्रभारी व सांसद सुखदेव भगत सहित देशभर से आए वरिष्ठ नेताओं से छत्तीसगढ़ के नेताओं ने आत्मीय मुलाकात कर देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर सार्थक चर्चा की.
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत समेत प्रदेश के अनेक दिग्गज कांग्रेस नेता मौजूद रहे.

इस अवसर की तस्वीरें डॉ. चरण दास महंत ने सोशल मीडिया में साझा करते हुए कहा कि दीपावली हमें संदेश देती है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, आशा और विश्वास का एक दीपक उसे मिटाने की शक्ति रखता है. आज जब देश के सामने नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति की चुनौतियां हैं, ऐसे समय में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं.

