प्रांतीय वॉच

भाजपा देगी डोर टू डोर दस्तक बताएगी केंद्र की उपलब्धि

Share this

भाजपा चलाएगी महा जनसंपर्क अभियान

दल्लीराजहरा:–विधानसभा और लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए भाजपा ने महाजनसंपर्क अभियान चलाने निर्णय लिया है। आगामी 30 मई से शुरू होने वाले महाअभियान में बड़े नेता से लेकर मंडल स्तर के पदाधिकारी मतदाताओं से सीधे रूबरू होगे। कांकेर संसदीय क्षेत्र में इस अभियान के संचालन का जिम्मा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा विक्रम उसेंडी और राष्ट्रिय बाल संरक्षण आयोग के सदस्य यशवंत जैन को दिया है। उल्लेखनीय है की साल के अंत तक राज्य में विधानसभा चुनाव और अगले साल लोकसभा चुनाव होना है। दोनों चुनाव को ध्यान में रखते हुए केन्द्र में सत्तारूढ भाजपा अब चुनावी मोड में आने लगी है। इसी कड़ी में महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान आगामी 30 मई से 30 जून तक चलेगा। अभियान के तहत सांसद,विधायक विभिन्न स्तर के पार्टी पदाधिकारी व निर्वाचित जनप्रतिनिधि विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केन्द्र में मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों से जनता को रूबरू कराएंगे।

विक्रम उसेंडी और यशवंत जैन को बड़ी जिम्मेदारी

जानकारी के अनुसार देशव्यापी इस महाअभियान के लिए संगठन स्तर पर प्रभारियों का मनोनयन किया गया है। कांकेर संसदीय क्षेत्र का प्रभारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा विक्रम उसेंडी और सह प्रभारी राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के सदस्य
यशवंत जैन को बनाया गया है। लंबे समय से भाजपा की राजनीति में सक्रिय दोनों नेताओं को वर्तमान में मिली जिम्मेदारी के बाद कहा जा रहा है कि संगठन में उनका कद बढ़ा है। साथ ही संगठन अनुभव और सक्रियता को देखते हुए अभियान के संचालन में संगठन कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहा है ।

मतदाताओं से सीधे संपर्क की तैयारी

महाअभियान को लेकर व्यापक कार्यक्रम तैयार किया गया है। संपर्क अभियान के तहत विशिष्टजनों से मुलाकात कर पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराया ही जाएगा साथ ही उपलब्धियों को भी बताया जाएगा। इसी कड़ी में संसदीय क्षेत्र स्तरीय जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। प्रेस के माध्यम से भी उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी द्वारा प्रबुद्धजनों का सम्मेलन आयोजित करने के अलावा उद्योगपतियों और व्यापारियों से सीधे संपर्क किया जाएगा। पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों से मुलाकात करने योजना तैयार की गई है। विश्व योग दिवस और बलिदान दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में पदाधिकारी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

कांग्रेस चला चुकी है अभियान

उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत पदाधिकारियों को मतदाताओं से मिलकर हाथ जोड़ने के अलावा राज्य सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराना था। कांग्रेस का यह अभियान नेताओं की अरुचि का भेंट चढ़ गया था कुछ क्षेत्र को छोड़कर अधिकांश जगहों पर पदाधिकारियों ने केवल दिखावे के ही लिए यात्रा निकाला था।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *