प्रांतीय वॉच

गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौ पालकों से शत्-प्रतिशत गोबर खरीदी सुनिश्चित करें -कलेक्टर

ग्रामीण स्तर पर संध्या चौपाल लगाकर कृषकों को विभाग में संचालित योजनाओं की दें जानकारी

अफताब आलम
बलरामपुर / संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने कृषि एवं संमवर्गीय विभागों की समीक्षा बैठक में जिले में स्वीकृत गौठानों के बेहतर क्रियान्वयन एवं गौठानों में शत्-प्रतिशत गोबर खरीदी तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मल्टीएक्टिविटी से जोड़ने एवं विभागों में संचालित योजनाओं का कृषकों को अधिक से अधिक लाभ पहंुचाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों से गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौ पालकों से शत्-प्रतिशत गोबर खरीदी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों से गोबर खरीदी का प्रतिदिन डाटा अपडेट करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री कुमार ने गौठानों में तैयार वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन एवं विक्रय की समीक्षा करते हुए उत्पादित वर्मी कम्पोस्ट को समिति के माध्यम से शीघ्र विक्रय करने के निर्देश दिये। उन्होंने कृषि एवं समवर्गीय विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से गोधन न्याय योजना का वृहद एवं व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए पंचायत एवं ग्रामीण स्तर पर संध्या चौपाल लगाकर कृषकों को विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए गौ पालकों को गोबर विक्रय हेतु प्रोत्साहित करने को कहा। कलेक्टर ने एक माह में कम से कम गोबर खरीदी में 20 प्रतिशत वृद्धि करने के निर्देश दिये तथा जिले में संचालित गौठानों में मल्टीएक्टिविटी केन्द्र के प्रगति की जानकारी 10 दिवस के अंदर प्रस्तुत करने को कहा।
नगरीय निकाय के गौठानों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने वाड्रफनगर, बलरामपुर एवं राजपुर में गोबर खरीदी में 50 प्रतिशत वृद्धि करने और गौठान निर्माण के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से जिला मुख्यालय बलरामपुर के गौठान को मॉडल गौठान के रूप में विकसित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने धान के बदले अन्य फसलों को बढ़ावा देने हेतु वर्ष 2022 के कार्यक्रम की जानकारी कृषि विभाग के अधिकारियों से ली। उन्होंने दलहन, तिलहन एवं फलदार पौधा लगाने हेतु कृषकों को प्रेरित करने को कहा, साथ ही कृषि एवं समवर्गीय विभाग में संचालित योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु हितग्राहियों का चिन्हांकन सावधानी से करने तथा विशेष पिछड़ी जनजाति एवं वन अधिकार पत्र धारियों का चयन प्राथमिकता से करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने खरीफ वर्ष 2022 हेतु उर्वरक, बीज की मांग उपलब्धता एवं अग्रिम उठाव की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भण्डारण करने को कहा। कलेक्टर श्री कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अंतर्गत कृषक पंजीयन को शत्-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिये साथ ही उन्होंने सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालय में रहकर कार्य सम्पादन करने को कहा।
कलेक्टर ने गौठानों में सामुदायिक बाड़ी हेतु तैयार की गई कार्य योजना के संबंध में उद्यान विभाग के अधिकारी से जानकारी ली तथा अधिक से अधिक महिला समूहों को बाड़ी से जोड़ने तथा बड़े क्षेत्र में सामुदायिक बाड़ी का विकास करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले के कुसमी क्षेत्र में स्ट्रॉबेरी की खेती की संभावनाओं को देखते हुए कृषकों से संपर्क कर प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश सहायक संचालक उद्यान को दिये, साथ ही आलू, मिर्च एवं टाऊ की फसल हेतु प्रोसेसिंग प्लांट लगाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके अलावा कलेक्टर ने मत्स्य विभाग के अधिकारी से मत्स्य बीज उत्पादन 2021-22 की प्रगति एवं 2022-23 के प्रस्तावित लक्ष्य की जानकारी ली।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी  रीता यादव, उप संचालक कृषि राजेन्द्र एक्का, उप संचालक पशुधन विकास विभाग डॉ. बी.पी. सतनामी, सहायक संचालक उद्यान पतराम सिंह, गौठानों के नोडल अधिकारी एवं कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुधन विकास विभाग के विकासखण्ड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *