बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में NTPC सीपत स्थित ब्रिज एंड रूफ कंपनी के साइड ऑफिस से कॉपर केबल वायर चोरी के मामले में सीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी के मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर, घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।
दीवार फांदकर कंपनी परिसर में घुसे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, ब्रिज एंड रूफ (इंडिया) लिमिटेड की ओर से NTPC सीपत टाउनशिप के जलाशय-1बी में 26 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट स्थापित करने का काम किया जा रहा है। इसी प्रोजेक्ट के साइड ऑफिस में 6 एमएम के कॉपर केबल वायर के 100 ड्रम रखे गए थे। 16 अक्टूबर को कंपनी के कर्मचारी अरुण कुमार सिन्हा ने जांच के दौरान 12 ड्रम गायब पाए। इसके बाद उन्होंने सीपत थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुख्य आरोपी से पूछताछ में खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने सात अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने कथित तौर पर 5 से 10 अक्टूबर 2026 के बीच रात में कंपनी के कार्यालय की दीवार फांदकर कॉपर केबल वायर के ड्रम चोरी किए थे। इसके बाद चोरी के केबल को ई-रिक्शा में लादकर प्रगति नगर स्थित खंडहर अस्पताल परिसर में जलाया गया और उसमें से कॉपर निकालकर नवाडीह के कबाड़ी नंद कुमार साहू को बेच दिया गया।
कॉपर बेचकर खरीदी मोटरसाइकिल
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर को कुल 2,00,106 रुपये में बेचने की बात बताई। बिक्री से मिली रकम को आपस में बांट लिया गया। इसी रकम से एक नई हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल खरीदने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कॉपर केबल वायर, मोटरसाइकिल, 15,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 CD 7142 बरामद किया है। गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ये 8 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी, देवी लाल देवार, उमाशंकर सूर्यवंशी, चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी, चतुर राम खरे, अनिल कुमार सूर्यवंशी, चंद्रहास सूर्यवंशी और नंद कुमार साहू शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में चोरी की संपत्ति बरामद करने के साथ ही मामले में शामिल सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

