- भाजपा ने निकाला कैंडल मार्च, न्यायिक जांच की मांग उठाई
संजय महिलांग/बेमेतरा। पत्थलगांव में हुई घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी बेमेतरा ने हादसे में मृतक को श्रद्धांजलि देते हुए जय सतम्भ बेमेतरा से पुराना बस स्टैंड चौक तक कैंडल मार्च निकाला। साथ ही घटना में मृतक को 1 करोड़ एवं गम्भीर घायलों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा राशि देने के साथ साथ दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग की।
पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने भूपेश सरकार की भर्त्सना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती ही बाकी है, क्योंकि सभी प्रकार के व्यसन के कारोबार से ही सरकार ढाई साल में ढाई कोस चल सकी है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार और भूपेश सरकार में पर्याप्त समानता हो जाएगी, यदि छत्तीसगढ़ की सरकार अफीम की खेती भी छत्तीसगढ़ में शुरू कर दे। राज्य में व्यसन का कोई भी कारोबार इस सरकार के राज में शेष नहीं बचा है। इसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। पत्थलगांव में अंतरराज्यीय गिरोह के द्वारा तस्करी के दौरान गांजा से लदे वाहन की चपेट में दुर्गा विसर्जन करने जा रहे कार्यकर्ता आए और गौरव अग्रवाल भूपेश सरकार की नशाखोरी पर निरंकुशता की बलि चढ़ गए।
पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने कहा कि प्रदेश में नशे के व्यापार को सरकार चलाने के लिए हरी झंडी दे दी गई है। पत्थलगांव की घटना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। प्रदेश में शासन-प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं बची है। यह पहली सरकार है जिसने नशा के व्यापारियों के साथ एमओयू में हस्ताक्षर किया है और बड़े तस्कर अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए छत्तीसगढ़ के लोगों को कुचलते हुए अपना व्यापार चला रहे हैं।
जिला महामंत्री विकास धर दीवान ने कहा कि ढाई साल के फेर में भूपेश सरकार इतनी व्यस्त है कि उसे आम जनता की पीड़ा नजर नहीं आती। दुर्गा विसर्जन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पुलिस की आधी-अधूरी व्यवस्था के चलते गौरव अग्रवाल की मृत्यु हुई है। यदि समय रहते उस वाहन को पकड़ लिया जाता तो यह घटना नहीं होती। गौरव अग्रवाल की असामयिक मृत्यु दिल दहलाने वाली है। ऐसी घटनाओं पर सरकार को अंकुश लगाना चाहिए।
इस दौरान प्रदेश मंत्री संध्या परगिनहा, भाजयूमो जिलाध्यक्ष परमेश्वर वर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लता वर्मा व महामंत्री मधु रॉय, निशा चौबे,मोंटी साहू, बलराम पटेल, हर्ष तिवारी, संजीव तिवारी, विकास तम्बोली, योगेश वर्मा, तारन राजपूत, धर्मराज खांडे सहित भाजपा नेतागण उपस्थित रहे।