रायपुर वॉच

छत्तीसगढ़वासियों को मिलने वाली है बड़ी सौगात, मंत्री सिंहदेव ने दी ये जानकारी, तीसरी लहर को लेकर कही ये बात

Share this

रायपुर : छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े अंबेडकर अस्पताल में आधुनिक प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग शुरू होने जा रहा है, जो स्पेशल आईसीयू और अन्य सुविधाओं से लैस रहेगा। इस बात की जानकारी अंबेडकर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत में दी। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल प्रबंधन से हर एक जगह की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अंबेडकर अस्पताल में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग लगभग बनकर तैयार है, जहां महिलाओं को निःशुल्क सभी सुविधाएं मिलेगी।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कोरोना की तीसरी लहर के लिए लोगों से सतत सतर्क रहने की अपील की है। स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव निरीक्षण के दौरान दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम भी पहुंचे, यहां संचालित टीकाकरण केंद्र पहुँचकर उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा की। इस दौरान कोविड उपयुक्त व्यवहार के साथ की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थाओं का अवलोकन किया, स्वास्थ्य मंत्री ने टीका लगवाने आये 18-44 आयुवर्ग के प्रदेशवासियों से चर्चा कर उनकी प्रतिक्रिया भी प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने शंकरनगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में निर्मित वैक्सीनेशन केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जहाँ उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा के दौरान उन्होंने टीका लगवाने पहुँच रहे लोगों की संख्या व विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने टीकाकरण में जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था की जानकारी भी प्राप्त की। सिंहदेव ने इस केंद्र में पहुंचे अंत्योदय वर्ग व अन्य लोगों से संवाद करते हुए उनके विचार जाने एवं व्यवस्थाओं को और बेहतर करने की दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *