प्रकाश नाग/केशकाल : केशकाल वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमरी के जंगलों में एक बार फिर भालुओं का आतंक देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि ग्राम करमरी के जंगल मे जड़ी-बूटी की तलाश में जंगल गए व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया है, जिसके कारण उक्त व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया था। फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनोरा में उसका उपचार जारी है।
केशकाल वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेश नाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सनउराम पिता भकउराम उम्र 58 वर्ष निवासी ग्राम सवाला गुरुवार की सुबह किसी कार्य हेतु जड़ी बूटी तोड़ने के लिए ग्राम करमरी के जंगलों में गया हुआ था। तभी अचानक विशालकाय भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले से उक्त व्यक्ति के सिर में गम्भीर चोटें आई है। जिसे देखते ही आसपास के लोगों ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। फिलहाल घायल का प्राथमिक उपचार किया गया है तथा अभी उसकी स्थिति सामान्य है। घायल से मिलने गए वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेश नाग ने प्राथमिक उपचार हेतु घायल के परिजनों को 2500 रुपए भी प्रदान किया गया है तथा वन विभाग के कर्मचारी को आवश्यक देखरेख हेतु निर्देशित भी किया है।