BREAKING CG NEWS

CHHATTISGARH: 13 दिन की नवजात को गोद में लेकर आमरण अनशन पर बैठी BJP पार्षद, जानिए क्या है पूरा मामला

Share this

CHHATTISGARH: BJP councilor sitting on a hunger strike holding a 13-day-old newborn in her arms, find out the full story

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला गरमा गया है। यहां वार्ड क्रमांक 08 की भाजपा पार्षद चांदनी रोशन दत्ता अपनी महज 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गई हैं। पार्षद ने नेशनल हाईवे-30 से लगी करोड़ों रुपये की बेशकीमती शासकीय जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में दो बार नगर पालिका में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पार्षद ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।

शिकायत के बाद भी पालिका प्रशासन ने नहीं की कार्रवाई

पार्षद का कहना है कि उन्होंने शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के मामले में पहले भी दो बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की थी। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर उन्होंने नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। इस दौरान वह अपनी 13 दिन की नवजात बच्ची को भी साथ लेकर बैठी हैं।

 

जब तक कार्रवाई नहीं, तब तक जारी रहेगा आमरण अनशन

उन्होंने मांग की है कि नेशनल हाईवे-30 से लगी शासकीय जमीन पर किए गए अवैध निर्माण और बनाई गई दीवारों को तत्काल हटाया जाए। पार्षद ने चेतावनी दी है कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

इस पूरे मामले में फिलहाल नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि ठंड के मौसम में 13 दिन की नवजात बच्ची के साथ आमरण अनशन पर बैठी पार्षद के मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और अतिक्रमण के आरोपों पर कब तक कार्रवाई होती है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *