ग्वालियर: शनिवार को मध्य प्रदेश के गुना में शिकारियों और पुलिसकर्मियों की मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मियों की शहादत के बाद जिस तरह से पुलिस की कार्रवाई हुई है, उसका असर आरोपियों के गांव में देखने को मिल गया. इस घटना के बाद से आरोपियों का गांव पूरी तरीके से खाली हो चुका है. अब इस गांव में केवल पुलिस ही नजर आ रही है. क्योंकि जिस तरीके से कल देर शाम आरोपियों के घर पर बुलडोजर चला उसके बाद से गांव के सारे लोग गांव छोड़कर चले गए हैं.
गांव में पसरा सन्नाटा
बता दें कि कल रात जिस आरोपी शहजाद का पुलिस ने एनकाउंटर किया, वह स्पॉट इस गांव के पीछे की पहाड़ी है. क्योंकि इसी पहाड़ी पर शहजाद के अपने साथियों के साथ छुपे होने की जानकारी पुलिस को मिली थी. बताया जा रहा है कि आरोपी नौशाद और शहजाद आपस में भाई हैं और इनके घर पर शादी थी. जिसको लेकर तमाम मेहमान भी आये हुए थे और घर पर शहनाइयां गूंजनी थी लेकिन इस घटनाक्रम के बाद अब गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
4 के हुए एनकाउंटर
बताया जाता है कि शनिवार की रात पुलिस ने दो आरोपियों का और एनकाउंटर किया है. इस पूरी घटना में अब तक चार मुख्य आरोपियों का एनकाउंटर किया जा चुका है. साथ ही आरोपियों के घरों को भी जमीनदोंज कर दिया है.

