मास्को : रूस के तातारस्तान क्षेत्र के मेनजेलिंस्क में रविवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 21 पैराशूट डाइवर्स समेत कुल 23 लोग सवार थे। खबरों के मुताबिक 23 में से 7 लोगों को बचा लिया गया, जबकि बाकि 16 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। रूसी समाचार एजेंसी तास ने इस बात की जानकारी दी। यह विमान क्यों क्रैश हुआ फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।तास की खबरों के मुताबिक मेनजेलिंस्क शहर में एक लेट एल-410 टर्बोलेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान स्थानीय समयानुसार करीब 9:11 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। आपात स्थिति मंत्रालय के मुताबिक 16 लोगों को लेकर फिलहाल उनके पास कोई जानकारी नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि उनके बचने की उम्मीद भी काफी कम है। मंत्रालय ने कहा कि हम विमान के मलबे तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन काफी कठिनाई हो रही है। विमान में सवार लोगों को बचाने के लिए एमआई-8 हेलिकॉप्टर को लगाया गया है। हेलिकॉप्टर में सवार बचावकर्मी विमान तक पहुंने की कोशिश कर रहे हैं।
Big News: 23 यात्रियों को ले जा रहा विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, 16 लोगों के मारे जाने की आशंका

