नई दिल्ली : रूस के आपातकालीन मंत्री येवगेनी जिनिचेव की एक हादसे में मौत हो गई. जिनिचेव आर्कटिक क्षेत्र में एक सिविल डिफेंस एक्सरसाइज में हिस्सा ले रहे थे. इस दौरान एक व्यक्ति पानी में गिर गया, जिसे बचाने के दौरान उनकी जान चली गई. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सरसाइज के दौरान आर्कटिक क्षेत्र में एक शख्स मंत्री जिनिचेव का इंटरव्यू ले रहा था. इसी दौरान कैमरामैन पानी में गिर गया. उसे बचाने के लिए जिनिचेव पानी में कूद गए. लेकिन दुर्भाग्य से दोनों की मौत हो गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, कैमरामैन अचानक ऊंचाई से फिसला और बर्फीले पानी में जा गिरा. ये देखकर उसे बचाने के लिए जिनिचेव ने फौरन पानी में छलांग लगा दी. लेकिन पानी में गिरते ही उनका सिर किसी पत्थर से टकरा गया और उनकी मौत हो गई. वहीं रूसी मंत्री जिस कैमरामैन को बचाने के लिए पानी में कूदे थे, उसकी भी हादसे में जान चली गई. रूसी मीडिया ने कहा कि दुर्घटना उत्तरी साइबेरिया में पुटोराना नेचर रिजर्व में किताबो ओरोन जलप्रपात पर हुई, जो नोरिल्स्क से लगभग 165 किमी (100 मील) पश्चिम में है. कैमरामैन का नाम अलेक्जेंडर मेलनिक (63) है. इस हादसे पर रूस के राष्ट्रपति पुतिन (Vladimir Putin) ने दुख जताया है. वहीं जिनिचेव के मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि हमें अफसोस है कि जिनिचेव अपने कर्तव्य को निभाते हुए शहीद हुए. बताया गया कि वो आर्कटिक क्षेत्र के नोरिल्स्क में एक ड्रिल में शामिल हुए थे. इस ड्रिल में सिविल और सेना की यूनिट्स भाग लेती हैं. इसी दौरान एक शख्स की जान बचाते हुए उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी.
Big News: रूस के मंत्री शख्स को बचाने पानी में कूदे, सिर पत्थर से टकराया और चली गई जान

