रायपुर वॉच

एम्स के डॉक्टर हिंदी में लिखेंगे पर्ची पर दवाओं के नाम, मरीज से करेंगे हिंदी या छत्तीसगढ़ी में बात

Share this

रायपुर : हिंदी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एम्स में 15 दिवसीय हिंदी पखवाड़ा प्रारंभ हो गया है। इस अवसर पर सभी चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है कि वे मरीजों के साथ अधिकतम संवाद हिंदी या छत्तीसगढ़ी में करें। साथ ही दवाइयों के साथ निर्देश भी हिंदी में देने के लिए कहा गया है, जिससे मरीजों को आसानी के साथ सभी बिंदु समझ में आ सके। राजभाषा पखवाड़े का समापन 14 सितंबर को कार्यशाला के साथ होगा। एम्स के निदेशक डॉ. नितिन एम नागरकर ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि मरीजों के साथ अधिकतम संवाद हिंदी या छत्तीसगढ़ी में करके उनका निदान भी इन्हीं भाषाओं में करने का प्रयास करें। चिकित्सा में रोगी के साथ संवाद सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है। इसमें स्थानीय भाषा का प्रयोग बहुत जरूरी है। उप-निदेशक (प्रशासन) अंशुमान गुप्ता का कहना है कि एम्स प्रशासन अब सभी कार्यालय आदेशों को या तो हिंदी में या द्वीभाषी जारी कर रहा है। कार्यालय में भी हिंदी का भी अधिक से अधिक प्रयोग करने निर्देश और प्रशिक्षण दिया गया है।

2 सितंबर से हो रही प्रतियोगिताएं
एम्स में राजभाषा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 2 सितंबर से लगातार प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें आशुभाषण, निबंध, प्रश्नोत्तरी, स्वरचित काव्य पाठ, शब्दावली, वाद-विवाद और रुति लेख जैसी प्रमुख प्रतियोगिताओं में चिकित्सा, नर्सिंग और अन्य पाठ्यक्रम के छात्रों के साथ डॉक्टर, अधिकारी और कर्मचारी भाग ले रहे हैं। बुधवार को निर्णायकों के रूप में डॉ. रूपा मेहता, डॉ. मुदालशा रविना और विनोद उपस्थित थे। प्रतियोगिताओं का आयोजन मधुरागी श्रीवास्तव, शाहरूख खान, सैयद शादाब, उमेश पांडेय और आदित्य शुक्ला की ओर से किया जा रहा है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *