जशपुर : जशपुर में हाथी का आतंक बढ़ने लगा है। एक बार फिर मंगलवार सुबह हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई। युवक शौच के लिए घर के पीछे खेत में गया था। इसी दौरान एक दंतैल (टस्कर) हाथी ने हमला कर दिया। घटना तपकरा वन परिक्षेत्र के बाबूसाजबहार की है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच रही है। हाथियों को भगाने का प्रयास किया जा रहा है। मारे गए युवक के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।तपकरा रेंज में ही एक दिन पहले सोमवार को भी हाथी ने बाइक सवार महिला को सूंड़ से खींच कर मार दिया था। केरसई के बरटोली निवासी खिज्मती बाई अपने पति रामकुमार के साथ बाइक से बाजार जा रही थी। रास्ते में गोठान के जंगल में दंतैल (टस्कर) हाथी उनके पीछे दौड़ा और बाइक पर पीछे बैठी खिज्मती बाई को सड़क पर पटक कर कुचल दिया था। इससे पहले रायमुंडा गांव में एक अन्य महिला सुखो बाई (50) पर हमला कर उसे घायल किया था। बताया जा रहा है कि केरसई के आसपास के जंगल मे 3 हाथी मौजूद हैं। महिला को कुचलने के बाद दंतैल आक्रामक हो चुका है। प्रदेश में लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में पिछले 3 सालों के दौरान करीब 200 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि ग्रामीणों के बचाव के लिए करंट लगाए जाने के कारण कई हाथियों की भी जान जा चुकी है। खासकर रायगढ़, धरमजयगढ़, कोरबा, महासमुंद, जशपुर के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
शौच के लिए गए युवक को हाथी ने कुचला, मौत

