महागाँव : महाराष्ट्र के महागाँव तालुका के फुलसावंगी गाँव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस घटना में एक 24 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। दरअसल इस व्यक्ति ने खुद का हैलीकॉप्टर बनाया था, जिसके परीक्षण के दौरान हेलीकॉप्टर की ब्लेड से उसका गला कट गया और उसकी मौत हो गई। शेख इस्माइल पेशे से मैकेनिक हैं और उन्होंने 8वीं के बाद ही स्कूल जाना बंद कर दिया था। उन्होंने स्टील पाइप वेल्डिंग करके सिंगल सीटर हेलीकॉप्टर का प्रोटोटाइप बनाया था।
10 अगस्त को हुआ था हादसा
यह घटना महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में 10 अगस्त को हुई थी। पीड़ित को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, पुलिस ने कहा कि घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दो साल से बना रहे थे हेलीकॉप्टर
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक पिछले दो साल से अपने दम पर हेलीकॉप्टर का निर्माण कर रहा था। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने हेलिकॉप्टर बनाने के लिए वेल्डिंग स्टील पाइप और मारुति 800 के एक इंजन का इस्तेमाल किया। उन्होंने हेलिकॉप्टर का नाम “मुन्ना हेलीकॉप्टर” रखा और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर इसे जनता के लिए लॉन्च करना चाहते थे।
मामले की जांच कर रही है पुलिस
एक अंग्रेजी वेबसाइट के मुताबिक, पुलिस घटना की जांच के लिए इस्माइल के बड़े भाई और तीन दोस्तों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने हेलीकॉप्टर को कब्जे में ले लिया है। इस्माइल अपने गांव में रैंचो के नाम से प्रसिद्ध थे और उन्होंने 8वीं कक्षा में ही स्कूल जाना बंद कर दिया था।

