BREAKING CG NEWS

CG RICE SCAM: 21 साल बाद खुला चावल घोटाले का राज! EOW ने कोर्ट में पेश किया 40 हजार पन्नों का चालान

Share this

CG RICE SCAM:  Mystery of the rice scam unravels after 21 years! EOW submits 40,000-page charge sheet in court.

CG RICE SCAM: रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी में 21 साल पुराने चावल घोटाले के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। कुनकुरी स्थित छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के गोदाम में चावल के स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आने के बाद जांच पूरी कर दो आरोपियों के खिलाफ करीब 40,000 पृष्ठों का अभियोग-पत्र विशेष न्यायालय, जशपुर में पेश किया गया है।

यह मामला वर्ष 2005 में दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच के दौरान कुनकुरी गोदाम में करीब 26,626.42 क्विंटल चावल की कमी बताई गई थी। विस्तृत विवेचना, स्टॉक अभिलेखों के परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वास्तविक कमी 22,198.52 क्विंटल चावल निर्धारित की गई। इस गड़बड़ी से शासन को 2 करोड़ 50 लाख 55 हजार 555.94 रुपये की आर्थिक क्षति होना पाया गया।

Read more:- Snakebite Scam:छत्तीसगढ़ के सर्पदंश मुआवजा घोटाले में बड़ा अपडेट, EOW को सौंपी जा सकती है जांच

मामले में सामने आया कि गोदाम में उपलब्ध वास्तविक चावल स्कंध और विभागीय पंजियों में दर्ज प्रविष्टियों के बीच गंभीर अंतर था। जांच के दौरान आरोप है कि वास्तविक स्थिति से अलग दस्तावेज और अभिलेख तैयार एवं संधारित किए गए तथा इनका असली अभिलेखों के तौर पर इस्तेमाल किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य विभाग की संक्षेपिका के आधार पर कुनकुरी गोदाम में भंडारित चावल स्कंध की अनियमितता के संबंध में अपराध दर्ज करने के लिए EOW मुख्यालय रायपुर को पत्र भेजा गया था। इसके बाद प्रारंभिक निरीक्षण और स्टॉक सत्यापन किया गया।

 

2005 में दर्ज हुआ था अपराध

इस मामले में 30 सितंबर 2005 को सुनील कुमार निगम, तत्कालीन शाखा प्रबंधक एवं गोदाम प्रभारी, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम शाखा कुनकुरी और अन्य के खिलाफ अपराध क्रमांक 01/2005 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी, 409, 420, 467, 468 और 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(सी), 13(1)(डी) सहपठित धारा 13(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

 

दो अधिकारियों और परिवहनकर्ता की भूमिका सामने आई

जांच में पाया गया कि तत्कालीन गोदाम प्रभारी सुनील कुमार निगम और तत्कालीन गोदाम प्रभारी, छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम, कुनकुरी शिव शंकर वैष्णव का गोदाम में भंडारित खाद्यान्न पर पदीय नियंत्रण था। जांच एजेंसी के अनुसार दोनों ने परिवहनकर्ता विमल कुमार गर्ग के साथ आपसी सहमति और आपराधिक षड्यंत्र के तहत वास्तविक स्थिति से अलग दस्तावेज तैयार या संधारित किए। हालांकि, जांच के दौरान शिव शंकर वैष्णव की मृत्यु हो चुकी है। वहीं परिवहनकर्ता विमल कुमार गर्ग की भूमिका 18 डिलीवरी ऑर्डरों के तहत 310.13 क्विंटल चावल के परिवहन एवं कथित वितरण में प्रत्यक्ष रूप से सामने आई। भौगोलिकसंदर्भ

 

दो आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान

विस्तृत जांच के बाद सुनील कुमार निगम और विमल कुमार गर्ग उर्फ बिल्लू निवासी खरसिया, जिला रायगढ़ के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने का दावा किया गया है। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत लगभग 40,000 पृष्ठों का अभियोग-पत्र विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), जिला जशपुर में पेश किया गया है। 21 वर्ष पुराने इस मामले में अब इतने बड़े आकार के चालान के साथ न्यायालयीन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *