- सप्लायर की लापरवाही के चलते हितग्राहियों को नहीं मिल पा रहा समय पर राशन
प्रकाश नाग/केशकाल : केशकाल विधानसभा क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण इलाकों के 156 पीडीएस की दुकानों में अगस्त महीने की 2 तारीख तक चावल नहीं पहुंचने से राशन कार्डधारी परेशान हो रहे हैं। परिवहनकर्ता के लापरवाही के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। मंगलवार तक शहर के कई दुकानों में चावल का भंडारण नहीं हो पाया था जिसके कारण कई राशन दुकानों पर ताला भी लगा हुआ है। वहीं कई जगह भंडारण तो हुआ, लेकिन नाममात्र। यही कारण है कि कार्डधारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि परिवहनकर्ता को बार बार लिखित व मौखिक निर्देश देने के बाद भी गम्भीरतापूर्वक राशन परिवहन नही किया जा रहा है, इसलिए उच्च अधिकारियों को कार्रवाई हेतु शिकायत भी कर दी गयी है। आपको बता दे कि केशकाल ब्लॉक के 50 पीडीएस दुकानों में से 7 दुकान, बडेराजपुर ब्लॉक के 44 में 15 दुकान व फरसगांव के 62 दुकानों में से सिर्फ 1 दुकान में ही अगस्त माह का राशन पहुंच पाया है सप्लायर की लापरवाही के चलते अंत्योदय कार्ड धारियों को भुगतना पड़ रहा है ।
गौरतलब है कि साधारणतः प्रत्येक महीने की 30 तारीख को सभी राशन दुकानों में चावल का भंडारण हो जाता था जिसके चलते समय से सभी राशनकार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में राशन का वितरण कर दिया जाता था। लेकिन इस वर्ष किसी नए ठेकेदार को राशन परिवहन का कार्य मिला है जिसकी लापरवाही के चलते केशकाल व बडेराजपुर और फरसगांव ब्लॉक के कुल 156 राशन दुकानों में से अधिकांश राशन दुकानों में अब तक चावल का भंडारण नही हो पाया है। हालांकि एसडीएम ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने हेतु आदेशित जरूर किया है अब देखने वाली बात यह है कि आखिर ठेकेदार की इस लापरवाही पर सम्बंधित विभाग के अधिकारी अथवा प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर हर महीने इसी तरह ठेकेदार की मनमानी से राशनकार्ड धारकों को राशन के इंतजार में पीडीएस दुकानों का चक्कर काटने पर मजबूर होना पड़ेगा।
इस मामले में एसडीएम दीनदयाल मंडावी का कहना है कि इस सम्बंध में खाद्य निरीक्षक से जानकारी मिली है कि सम्बंधित सप्लायर की ओर से परिवहन में देरी की जा रही है। सप्लायर को जल्द से जल्द सभी पीडीएस दुकानों में राशन का भंडारण करने हेतु निर्देशित किया गया है, अधिक विलम्ब करने पर उसे नोटिस जारी करने का आदेश खाद्य निरीक्षक को दिया गया है।
इस सम्बंध में नागरिक आपूर्ति निगम की जिला प्रबंधक अनिल सहारे ने बताया कि केशकाल ने कुल 94 शासकीय राशन दुकाने हैं जिनमे सोमवार दिनांक 2 अगस्त तक 22 दुकानों में राशन का भंडारण किया जा चुका है, शेष दुकानों में भी भण्डारण का कार्य जारी है लेकिन जगदलपुर के परिवहनकर्ता उमेश उद्दे द्वारा गोदामों में कम गाड़ियां लगाने के कारण यह कार्य धीमी गति से चल रहा है। परिवहनकर्ता को बार बार लिखित व मौखिक रूप से निर्देश देने के बाद भी परिवहन की गति में कोई बदलाव नही हुआ है। इसलिए हमारे द्वारा इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई है, कलेक्टर महोदय द्वारा इस पर आवश्यक कार्रवाई की जावेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान ने बताया कि हमारे नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 3 राशन दुकान है । वार्ड वासियो से शिकायत मिली है कि अब तक पीडीएस चावल नही पहुच पाया है । अधिकारियों से मिली जानकारी अनुसार सप्लायर की लापरवाही के चलते अब तक राशन नहीं पहुंचे हैं । आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित कर दिया गया है ।

