- कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव बोले- CM ने लिस्ट तैयार कर ली है
पेंड्रा : छत्तीसगढ़ में बचे हुए निगम-मंडलों में नियुक्तियों का इंतजार कर रहे कांग्रेस नेताओं का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। दरअसल, निगम-मडलों में नियुक्ति को लेकर अब कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने बयान दिया है। इसके बाद कांग्रेस नेताओं की उम्मीद एक बार फिर बढ़ गई है। अटल श्रीवास्तव ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सूची तैयार कर ली है। प्रदेश प्रभारी पी.एल पुनिया का अनुमोदन अपेक्षित रह गया है। इसके पहले भी कांग्रेस के लीडर्स इस मसले पर अलग-अलग बयान दे चुके हैं। पेंड्रा में पत्रकारों से बात करते हुए अटल ने कहा है कि सीएम ने संभावित लोगों के नाम की सूची तैयार कर ली है। उन्होंने कहा है कि ढाई साल में अधिकांश समय कोरोना से लड़ते हुए बीत गया है। अब आगे के ढाई साल तेजी से काम होंगे। जिन निगम-मंडलों में नियुक्तियां नहीं हुई हैं, वहां नियुक्तियांं के बाद तत्काल काम शुरू हो जाएगा। इधर, जब अटल से निगम-मंडल में उनको जिम्मेदारी दिए जाने के सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘मैं संगठन का आदमी हूं, मुझे यदि जिम्मेदारी दी जाती है तो उसे निभाऊंगा नहीं तो संगठन का काम करते रहूंगा।’
सीएम ने कहा था- कुछ नियुक्तियां जल्द, कुछ बाद में होंगी
13 दिन पहले सीएम भूपेश बघेल ने भी निगम-मंडलों में नियुक्ति को लेकर एक बयान दिया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ में सियासी सरगर्मी बढ़ गई थी। सीएम ने कहा था कि बचे हुए निगम मंडल में कुछ नियुक्तियां जल्दी होंगी कुछ नियुक्तियां बाद में होंगी। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष और पुनिया से भी चर्चा हुई है।
पुनिया ने कहा था- फाइनल मुहर सोनिया गांधी लगाएंगी
एआइसीसी के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने भी इससे पहले कहा था कि एक बैच का अपॉइंटमेंट हो चुका है। बाकी की प्रक्रिया चल रही है। यहां से अंतिम रूप लेने के बाद लिस्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से अनुमोदन के लिए प्रक्रिया में लंबित है। उसमें समय लग सकता है और जल्दी भी हो सकता है। फिलहाल अटल के बयान के बाद नियुक्तियों की उम्मीद लगाए नेताओं की सक्रियता बढ़ सकती है।