- भूपेश सरकार हमे भी गिरफ्तार करो: आकाश मेहता
प्रकाश नाग/केशकाल : टूलकिट मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के खिलाफ अपराध दर्ज करने के विरोध में पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदेश भर में सभी प्रमुख नेता और कार्यकर्त्ता अपने-अपने निवास के समक्ष धरने पर बैठे हैं। इसी क्रम में केशकाल में भी भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपने अपने निवास के सामने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।
इसी तारतम्य में केशकाल में अपने घर के सामने धरना प्रदर्शन पर बैठे इस मौके पर जिला महामंत्री आकाश मेहता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा जी के खिलाफ दर्ज हुए एफ.आई.आर का प्रदेश भाजपा विरोध कर रही है। कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सत्ता का दुरुपयोग करके हमारे नेताओं के खिलाफ अलोकतांत्रिक हमले पर उतारू हो गई है, किसी भी सूरत में भारतीय जनता पार्टी इसे बरदाश्त नहीं करेगा। शुक्रवार को भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने अपने अपने घरों के सामने एक दिवसीय धरना देकर गिरफ्तार करने कांग्रेस सरकार को चुनौती देते हुवे भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध के स्वर को बुलंद कर दिया है, एफ आई आर के खिलाफ पूरी भाजपा एकजुटता के साथ राज्य सरकार के खिलाफ खड़ी है। आकाश मेहता ने कहा कि आज प्रदेश भर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने अपने घर के सामने एक दिवसीय वर्चुअल धरना प्रदर्शन कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने का चुनौती दिया है।

