BREAKING CG NEWS

‘आरोपियों को छोड़िए, पहले मुझे छुड़वाइए…’ मंत्री राजेश अग्रवाल का थानेदार को फोन

Share this

‘Release the accused, first get me released…’ Minister Rajesh Agrawal’s call to the station in-charge

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताने का एक अनोखा अंदाज सामने आया है। लाखों रुपये की चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मंत्री ने अंबिकापुर के कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगाकर व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बांधकर बंधक बना लिया है, पुलिस भेजकर उन्हें छुड़वाया जाए। मंत्री और थाना प्रभारी के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, यह किसी मंत्री को बंधक बनाए जाने की वास्तविक घटना नहीं थी। चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट व्यापारियों के बीच मंत्री ने इस अंदाज में थाना प्रभारी के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।

अंबिकापुर के खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में लाखों रुपये की चोरी के मामले में प्रतिष्ठान के पूर्व कर्मचारियों पर आरोप लगा है। इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी। व्यवसायी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की थी, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी इस मामले में पुलिस को संबंधित लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में असंतोष था।

सोमवार रात पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर के अग्रसेन भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में कारोबारी मौजूद थे। बातचीत के बीच अग्रवाल ट्रेडिंग के संचालक ने चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर मंत्री के सामने अपनी शिकायत रखी। व्यवसायी ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से मांगी गई रकम देने के बावजूद चोरी के आरोपियों को पकड़ने के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गई। यह शिकायत सुनते ही मंत्री ने अंबिकापुर कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगा दिया।

मंत्री बोले- आरोपियों को छोड़िए, मुझे छुड़वाने आ जाइए फोन पर थाना प्रभारी ने मंत्री को बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्रवाई के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय भी मांगा। इस जवाब से असंतुष्ट मंत्री राजेश अग्रवाल ने तंज कसते हुए कहा कि यदि आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे हैं तो उन्हें छोड़ दीजिए, फिलहाल मुझे ही छुड़वाने आ जाइए। यहां 40 से 50 व्यापारियों ने मुझे बांधकर बंधक बना लिया है। मंत्री की यह बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद व्यापारी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। हालांकि, जल्द ही स्पष्ट हो गया कि मंत्री पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करने के लिए व्यंग्यात्मक अंदाज में बात कर रहे थे।

दो दिन बाद कार्रवाई की जानकारी देने को कहा

बातचीत के दौरान थाना प्रभारी ने लगातार भरोसा दिलाने की कोशिश की कि दो दिनों के भीतर कार्रवाई का परिणाम सामने आएगा। वहीं, मंत्री पुलिस भेजकर खुद को छुड़वाने की बात दोहराते रहे। बातचीत के अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी से कहा कि दो दिन बाद मामले में क्या प्रगति हुई, इसकी जानकारी उन्हें फोन करके दी जाए। अब मंत्री और थाना प्रभारी के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वहीं, व्यवसायी द्वारा पुलिस पर लगाए गए पैसे लेने के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *