BREAKING CG NEWS

CG DHAN KHARIDI: अवैध धान कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा, 1,441 क्विंटल धान जब्त

Share this

CG DHAN KHARIDI: Administration cracks down on illegal paddy traders, 1,441 quintals of paddy seized

धमतरी : छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान की आवक और भंडारण रोकने के लिए धमतरी जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिले में अब तक 32 प्रकरण दर्ज करते हुए 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। वहीं, दूसरे राज्यों से धान लाकर सरकारी खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर अंकुश लगाने के लिए ओडिशा सीमा से जुड़े छह स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।

धान खरीदी व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, गोदामों और संदिग्ध भंडारण केंद्रों की जांच बढ़ा दी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ मंडी अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है। ओडिशा सीमा पर छह स्थानों पर कड़ा पहरा बाहरी राज्यों से अवैध तरीके से धान की आवक रोकने के लिए प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और जांच व्यवस्था मजबूत की है। ओडिशा से सटे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में छह जांच चौकियां बनाई गई हैं। इन स्थानों पर नगर सैनिकों के अलावा वन, मंडी और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। धान लेकर आने-जाने वाले वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संदेह होने पर वाहनों के परिवहन संबंधी दस्तावेजों और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की जा रही है।

धान खरीदी में अनियमितताओं की रोकथाम के लिए जिला और विकासखंड स्तर पर विशेष उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में राजस्व, खाद्य, मंडी, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। संयुक्त जांच दल व्यापारिक परिसरों, गोदामों, संवेदनशील क्षेत्रों और धान संग्रहण के संदिग्ध ठिकानों का निरीक्षण कर रहे हैं। जांच में नियमों के विपरीत धान का भंडारण अथवा परिवहन पाए जाने पर जब्ती के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

खरीदे गए धान को दोबारा खपाने वालों पर भी नजर प्रशासन की निगरानी केवल दूसरे राज्यों से आने वाले धान तक सीमित नहीं है। पहले से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान को दोबारा सरकारी उपार्जन केंद्रों में बेचने की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन के मुताबिक, वास्तविक और पात्र किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच तालमेल स्थापित कर सूचनाएं जुटाने, संदिग्ध गतिविधियों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने की व्यवस्था की गई है।

किसानों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। किसानों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए उपार्जन केंद्रों में अपना धान बेचें। इसके अलावा अवैध धान परिवहन, भंडारण अथवा खरीदी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को तत्काल दें। प्रशासन का उद्देश्य धान उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और समर्थन मूल्य पर खरीदी का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *