BREAKING देश दुनिया वॉच

DELHI POLLUTION: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई जहरीली! 441 तक पहुंचा AQI

Share this

DELHI POLLUTION: Delhi’s air becomes poisonous after Diwali! AQI reaches 441

नई दिल्ली। दीवाली के ठीक अगले दिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सोमवार सुबह के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंचकर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया।

त्योहार के बाद बढ़े प्रदूषण के कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही घने स्मॉग की मोटी चादर छाई रही, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार

सीपीसीबी के अनुसार, गाजीपुर में AQI 418 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है, जबकि अक्षरधाम के आसपास यह 337 रहा, जिसे बहुत खराब श्रेणी में रखा गया है। शहर के कई निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया।

 

इनमें बुराड़ी क्रॉसिंग पर सबसे अधिक 441 एक्यूआई रहा। इसके बाद विवेक विहार में 437, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में 434, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस और जहांगीरपुरी में 433-433 तथा रोहिणी में 430 दर्ज किया गया।

 

अन्य गंभीर श्रेणी वाले इलाकों में मुंडका (417), पंजाबी बाग (409), नरेला (407) और आईटीओ (407) शामिल रहे। इसके अलावा मथुरा रोड पर 396, आया नगर में 386, तालकटोरा गार्डन में 384, लोधी रोड पर 370, वजीरपुर में 365, आरके पुरम में 364, नजफगढ़ में 340 और आनंद विहार में 335 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।

 

दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां पहले से लागू

प्रदूषण के स्तर में और गिरावट आने की आशंका को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दीवाली से तीन दिन पहले ही शुक्रवार को पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण को लागू कर दिया था।

इस आपातकालीन योजना के तहत दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के एनसीआर जिलों में अतिरिक्त पाबंदियां लगाई गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) और आईआईटीएम (IITM) के मौसम व प्रदूषण पूर्वानुमानों के आधार पर ये प्रतिबंध एहतियातन पहले ही लागू कर दिए गए थे, ताकि शहर का औसत एक्यूआई गंभीर श्रेणी में जाने से रोका जा सके।

मुंबई में स्थिति मध्यम, लखनऊ में भी छाया स्मॉग

दूसरी ओर, मुंबई में सोमवार सुबह धुंध भरा माहौल देखा गया और बांद्रा तथा कलानगर इलाकों में स्मॉग की चादर देखने को मिली। हालांकि, मुंबई का कुल औसत एक्यूआई 170 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

 

मुंबई के कुछ निगरानी केंद्रों जैसे खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में एक्यूआई 264, शिवड़ी में 226, घाटकोपर में 221 और चेंबूर में 216 दर्ज हुआ, जो खराब स्तर को दर्शाता है। वहीं, वर्ली में यह 148 और कुर्ला में 96 रहा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सुबह के समय कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत छाई रही।

दिल्ली में INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन! ओपन जीप में निकले राहुल गांधी-अखिलेश यादव समेत दिग्गज

राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर को कोहरे की एक हल्की परत ने घेर लिया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, इस इलाके में AQI 204 है, जिसे खराब श्रेणी में रखा गया है।

क्या है ग्रैप के चार चरण?

ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) वायु प्रदूषण की स्थिति से निपटने के लिए बनाया गया एक चार-स्तरीय आपातकालीन ढांचा है, जिसे हवा की गुणवत्ता खराब होने पर चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाता है।

स्टेज 1 (GRAP-I): जब AQI 201 से 300 के बीच खराब होता है। इसमें सड़कों से धूल हटाने, प्रदूषण मानकों को कड़ाई से लागू करने और खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाई जाती है।

स्टेज 2 (GRAP-II): जब AQI 301 से 400 के बीच बहुत खराब होता है। इसमें पानी का छिड़काव बढ़ाने, पार्किंग फीस बढ़ाने और निजी वाहनों का उपयोग कम करने के उपाय शामिल हैं।

स्टेज 3 (GRAP-III): जब AQI 401 से 450 के बीच गंभीर पहुंच जाता है। इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों पर पूरी रोक, पुराने बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों के चलने पर प्रतिबंध और प्राथमिक स्कूलों के लिए ऑनलाइन/हाइब्रिड क्लास की व्यवस्था की जाती है।

स्टेज 4 (GRAP-IV): जब AQI 450 से ऊपर अति गंभीर या सीवियर प्लस हो जाता है। इसमें ट्रकों और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और उद्योगों पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाते हैं।

कैसे मापा जाता है एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI)?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एयर क्वालिटी इंडेक्स को हवा की गुणवत्ता और उसके प्रभाव के आधार पर छह श्रेणियों में बाटा गया है। इसमें 0 से 50 के बीच का स्तर अच्छा और 51 से 100 तक का स्तर संतोषजनक माना जाता है।

वहीं, 101 से 200 के बीच का एक्यूआई मध्यम और 201 से 300 तक का पैमाना खराब श्रेणी में आता है। जब प्रदूषण का स्तर और बढ़ता है, तो 301 से 400 के बीच का आंकड़ा बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया जाता है, जो सांस लेने के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जाता है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *