CG POLITICAL: MP Sudhanshu Trivedi’s sharp attack, Congress surrounded over EVM and SIR
रायपुर : रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई जिसमें उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रहा है। लेकिन देश के भीतर और बाहर कुछ शक्तियां इसे रोकना चाहती हैं।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र माना जाता है। इसे केवल लोकतंत्र नहीं, बल्कि लोकतंत्र की जननी भी कहा जाता है। आज अमेरिका और यूरोप के कई देश बड़ी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में भारत वैश्विक स्तर पर एक बड़ी ताकत बन रहा है।विश्व की केवल 35 प्रतिशत आबादी ही पूर्ण लोकतांत्रिक व्यवस्था में रहती है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सत्ता खोने के बाद भी विपक्ष की सोच नहीं बदली। राहुल गांधी लगातार ईवीएम पर अनर्गल आरोप लगाते हैं।
यदि मशीनें मैनेज हैं तो विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल क्यों?
विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर आपत्ति क्यों है?
खुद कांग्रेस नेताओं ने माना है कि एसआईआर से केरल में फायदा हुआ। फिर भी कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास पैदा करना चाहती है। राहुल का ऐसा आचरण देश के लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होने का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की गई। त्रिवेदी ने कहा कि देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने का काम जारी है। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया था। आज वह संकल्प पूरी तरह से जमीन पर पूरा हो चुका है। राज्य में सुरक्षा और विकास का नया माहौल तैयार हुआ है।
विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति के सहारे जनता को भ्रमित कर रहा है। संवैधानिक संस्थाओं की साख गिराना कांग्रेस का पुराना रवैया रहा है। जनता अब इन भ्रामक बातों में आने वाली नहीं है। देश की जनता विकास और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है।

