देश दुनिया वॉच

खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए दुकानदारों का मेडिकल कॉम्पलेक्स के सामने होगा व्यवस्थापन

Share this

रायपुर। ऑक्सीजोन के निर्माण के लिए पंडरी मार्ग पर खालसा स्कूल के सामने जिन 70 दुकानों को तोड़ गिराया गया था उन दुकानदारों के व्यवस्थापन की प्रक्रिया तेज हो गई है। व्यवस्थापन के लिए रजबंधा मैदान में मेडिकल कॉम्प्लेक्स के सामने एवं समवेत शिखर परिसर के ठीक पीछे जगह देख ली गई है। आज नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया के निर्देश पर विधायक कुलदीप जुनेजा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा एवं नगर निगम कमिश्नर सौरभ कुमार ने उक्त जगह का निरीक्षण किया।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा के इन दिनों चल रहे बजट सत्र में विगत 25 फरवरी को रायपुर विधायक कुलदीप जुनेजा की तरफ से प्रभावित दुकानदानदारों के व्यवस्थापन को लेकर विधानसभा में प्रश्न लगा था। इस पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया की ओर से जवाब आया था कि कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। मेडिकल कॉम्पलेक्स के सामने वाली जगह पर व्यवस्थापन के लिए सभी 70 दुकानदार सहमत हो गए हैं। इस संबंध में दुकानदारों व्दारा संयुक्त रूप से सहमति पत्र तैयार कर उसे नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया, विधायक कुलदीप जुनेजा एवं निगम कमिश्नर सौरभ कुमार को सौंपा जा चुका है। व्यवस्थापन के लिए छत्तीसगढ़ शासन से प्रशासकीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। आज निरीक्षण के दौरान प्रभावित दुकानदारों में इंद्रजीत छाबड़ा, ताराचंद नेमा, उमेश नामदेव एवं परेश चौहान मौजूद थे।

ज्ञात हो कि भाजपा शासनकाल के समय खालसा स्कूल के सामने की दुकानें 26 दिसंबर 2017 की सुबह एक झटके में तोड़ गिराई गई थी। तब से आज तक आधे से ज्यादा दुकानदारों का रोजी रोटी के लिए संघर्ष जारी है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *